FEATUREDLatestNational

हमारे हर फैसले, निर्णय का आधार होना चाहिए ‘इंडिया-फर्स्ट’: प्रधानमंत्री मोदी

बंगाल मिरर, सौरदीप्त सेनगुप्ता : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ 2.0 कार्यक्रम के 25वें संस्करण में कहा कि 15 अगस्त आने वाला है। आजादी के 75 वर्ष का अमृत-महोत्सव हमारे लिए बहुत बड़ी प्रेरणा है। हम देश के लिए जीना सीखें। खुशी इस बात की है कि 21वीं सदी में जो युवक पैदा हुए हैं, ऐसे नौजवान साथियों ने 19वीं और 20वीं शताब्दी की आजादी की जंग को लोगों के सामने रखने का मोर्चा संभाला है।

हमारा मंत्र होना चाहिए–इंडिया फर्स्ट

पीएम मोदी ने देशवासियों का आह्वान करते हुए कहा कि आजादी की जंग देश के लिए मरने वालों की कथा है। आजादी के बाद के इस समय को हमें देश के लिए जीने वालों की कथा बनाना है। हमारा मंत्र होना चाहिए–इंडिया फर्स्ट। हमारे हर फैसले, हर निर्णय का आधार होना चाहिए- इंडिया फर्स्ट।

अमृत-महोत्सव में देश ने कई सामूहिक लक्ष्य किए तय

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, साथियों, अमृत-महोत्सव में देश ने कई सामूहिक लक्ष्य भी तय किए हैं। जैसे, हमें अपने स्वाधीनता सेनानियों को याद करते हुए उनसे जुड़े इतिहास को पुनर्जीवित करना है। आपको याद होगा कि ‘मन की बात’ में, मैंने युवाओं से स्वाधीनता संग्राम पर इतिहास लेखन करके, शोध करने की अपील की थी। मकसद यह था कि युवा प्रतिभाएं आगे आएं, युवा-सोच, युवा-विचार सामने आए, युवा-कलम नई ऊर्जा के साथ लेखन करें।

21वीं सदी के नौजवान 19वीं और 20वीं शताब्दी की आजादी की जंग को लाएंगे लोगों के सामने

उन्होंने कहा कि मुझे यह देखकर बहुत अच्छा लगा कि बहुत ही कम समय में ढाई हजार से ज्यादा युवा इस काम को करने के लिए आगे आए हैं। साथियों, दिलचस्प बात ये है कि 19वीं-20वीं शताब्दी की जंग की बात तो आमतौर पर होती रहती है, लेकिन खुशी इस बात की है कि 21वीं सदी में जो युवक पैदा हुए हैं, ऐसे नौजवान साथियों ने 19वीं और 20वीं शताब्दी की आजादी की जंग को लोगों के सामने रखने का मोर्चा संभाला है।

प्रधानमंत्री ने किया ‘चीयर फॉर इंडिया’ अभियान में शामिल होने का आह्वान

वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 23 जुलाई से जापान के टोक्यो में शुरू होने वाले खेलों के महाकुंभ ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए देशवासियों से उनका उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से ‘रोड टू ओलंपिक’ प्रतियोगिता में भी हिस्सा लेने को कहा है।

पीएम मोदी ने कहा कि जब प्रतिभा, निष्ठा, दृढ़ निश्चय और खेल भावना एक साथ मिलते हैं, तब जाकर कोई चैंपियन बनता है। टोक्यो जा रहे हमारे ओलंपिक दल में भी कई ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं, जिनका जीवन बहुत प्रेरित करता है।

सोशल मीडिया पर #cheer4india के साथ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने का किया आह्वान

टोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने जा रहे प्रवीण जाधव, नेहा कुमारी और दीपिका आदि का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने लोगों का सोशल मीडिया पर #cheer4india के साथ इन खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देकर मनोबल बढ़ाने का आह्वान किया। उन्होंने देशवासियों से ‘रोड टू ओलंपिक’ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का भी आह्वान किया।

प्रधानमंत्री ने किया मिल्खा सिंह का स्मरण

पीएम मोदी ने महान धावक मिल्खा सिंह का स्मरण किया। उन्होंने 1964 में भारत को ओलंपिक पदक दिलाने वाले मिल्खा सिंह को याद करते हुए कहा कि उनके जैसे लीजेंडरी एथलीट को कोई भूल नहीं सकता।

उल्लेखनीय है कि खेलों का महाकुंभ यानी ओलंपिक हर चार साल पर होता है, लेकिन कोरोना वायरस महामारी के कारण 2020 में इसका आयोजन नहीं हो सका। अब साल भर की देरी से जापान के टोक्यो में इसका आयोजन होने जा रहा है। इसकी शुरुआत 23 जुलाई से होगी और आठ अगस्त को इसका समापन होगा।

लोगों को टीकाकरण के लिए किया प्रेरित

पीएम मोदी ने लोगों को टीकाकरण के लिये प्रेरित करते हुए देशवासियों से अपील की कि वे टीकाकरण जरूर करायें और किसी अफवाह में न आयें। उन्होंने मध्य प्रदेश के एक ग्रामीण से बात करते हुए लोगों के मन से टीकाकरण का डर भगाने की कोशिश की। कार्यक्रम में बातचीत के दौरान जब राजेश हिरावे ने बताया कि व्हाट्सएप पर आए संदेशों के चलते वे डर गए और टीका नहीं लगवाया, तो इसके जवाब में प्रधानमंत्री मोदी ने अपना और अपनी मां का अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि टीकाकरण से डरने की कोई जरूरत नहीं है।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Hey there! Ask me anything!