ASANSOL

ईसीएल : कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में विश्व हिंदी दिवस का भव्य आयोजन

हिंदी के जाने-माने साहित्यकार सृंजय को महाप्रबंधक ने किया सम्मानित

हिंदी भाषा की महत्ता को लेकर बनी विशिष्ट फ़िल्म की हुई प्रस्तुति

बंगाल मिरर, आसनसोल : विश्व हिंदी दिवस के अवसर पर ईसीएल के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र में कल (10/01/2023 को) एक भव्य आयोजन किया गया। क्षेत्रीय महाप्रबंधक श्री अनिल कुमार सिन्हा की मुख्य उपस्थिति में आयोजित इस कार्यक्रम में कुनुस्तोड़िया क्षेत्रीय परिवार की ओर से महाप्रबंधक ने *हिंदी के विख्यात कथाकार, भाषाविद व पूर्व सहायक निदेशक (राजभाषा), बीएसएनएल श्री संजय मिश्र ‘सृंजय’ को सम्मानित किया। उल्लेखनीय है कि हिंदी साहित्यकारों को सम्मानित करने की कुनुस्तोड़िया क्षेत्र की समृद्ध परंपरा का निर्वहन करते हुए साहित्यकार ‘सृंजय’ को सम्मानित किया गया।

साथ ही, वर्तमान समय में हिंदी भाषा की महत्ता को दर्शाती एक विशिष्ट फ़िल्म की भी प्रस्तुति सभी के समक्ष की गयी, जिससे उपस्थित सभी में हिंदी भाषा के प्रति सकारात्मक चेतना का संचार हुआ। साथ ही ‘हिंदी भाषा के वैश्विक परिप्रेक्ष्य’* विषय पर *मुख्य वक्ता श्री संजय मिश्र ‘सृंजय’* ने विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाषा साझा संपत्ति होती है और सभी को मिलकर इसके संवर्द्धन हेतु प्रयासरत होना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिंदी का विस्तार इतना बड़ा है कि इसमें समूचे विश्व का बहुत बड़ा भू-भाग जुड़ता जाता है। उन्होंने आगे कहा कि हिंदी वैश्विक रूप से बहुत समृद्ध है और वैश्विक परिप्रेक्ष्य में निरंतर इसका सशक्तिकरण हो रहा है।

वहीं, कार्यक्रम में उपस्थित सभी का, विशेषकर श्री सृंजय का, स्वागत महाप्रबंधक श्री सिन्हा ने किया। उन्होंने कहा कि यह हमारा सौभाग्य है कि विश्व हिंदी दिवस जैसे पावन मौक़े पर हमें सृंजय जैसी शख्शियत का सान्निध्य मिला है। उन्होंने हिंदी भाषा के महत्व पर बोलते हुए कहा कि विश्व भाषा बनने के हर मानक को आज की हिंदी आत्मसात करती है तथा यह वैश्विक समन्वय की भावना से निष्ठ है और यही इसकी सबसे बड़ी मज़बूती भी है। उन्होंने समूचे ईसीएल परिवार को भी विश्व हिंदी दिवस की शुभाकांक्षा दी और कहा कि हम सभी को मिलकर हिंदी को विश्व पटल पर सबसे सशक्त भाषा के रूप में मान्यता दिलाने हेतु कोशिश करनी होगी जो हमारा नैतिक कर्तव्य भी है।

ग़ौरतलब है कि कार्यक्रम में अपर महाप्रबंधक श्री पी. के. नंदी, क्षेत्रीय कार्मिक प्रबंधक श्री राजेश त्रिवेदी, क्षेत्रीय सामग्री प्रबंधक श्री प्रभाकर कुमार, क्षेत्रीय संरक्षा अधिकारी श्री प्रसून स्मृति, क्षेत्रीय अभियंता (वैद्युतिकी व यांत्रिकी) श्री गौतम घोष सहित सभी कार्मिक अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान क्षेत्र की त्रैमासिक बुलेटिन ‘समृद्धि’ के नवीन अंक का विमोचन भी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Hey there! Ask me anything!