हिंदु नववर्ष पर विहंगम योग संस्थान ने बर्नपुर में निकाली स्वर्वेद शोभायात्रा
बंगाल मिरर, बर्नपुर : विहंगम योग संस्थान के द्वारा देश के विभिन्न क्षेत्रों में हिंदू नव वर्ष के अवसर पर स्वर्वेद शोभायात्रा निकाली गई। इसी क्रम में सद्गुरु सदाफल देव निंघा आश्रम के तत्वाधान में बर्नपुर संत समाज द्वारा रविवार को स्वर्वेद शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा बर्नपुर के हिलव्यू सत्संग भवन से करीम डंगाल, ध्रुव डंगाल, पूर्णिया तालाब होते हुए वापस हिलव्यू में आकर समाप्त हुई। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने माथे पर सद्गुरु सदाफल देव जी महाराज द्वारा रचित स्वर्वेद ग्रंथ को रखा था एवं अन्य महिलाओं एवं पुरुषों ने हाथ में ‘अ’ अंकित श्वेत ध्वजा लिए हुए थे। शोभायात्रा के दौरान सभी शिष्य सद्गुरु भगवान स्वर्वेद महाग्रंथ के जयकारे लगा रहे थे।




इस विषय पर ब्रह्मविद्या विहंगम योग संस्थान के प्रचारक आलोक साहा ने बताया कि आज हिंदू नव वर्ष के अवसर पर ब्रह्मविद्या विहंगम योग संस्थान के विभिन्न क्षेत्रों से स्वर्वेद शोभायात्रा निकाली गई। इस स्वर्वेद शोभायात्रा का उद्देश्य है कि स्वर्वेद ग्रंथ में जो ज्ञान है वह ज्ञान जन-जन तक पहुंचे एवं हर घर में स्वर्वेद ग्रंथ हो। सभी लोग संसार में आकर अपने आध्यात्मिक जीवन का विकास कर सके। ब्रह्मविद्या वह जान है जो हमें मुक्ति का मार्ग दिखाता है। हमारा प्रयास यही है कि सभी लोग ब्रह्मविद्या का ज्ञान लेकर अपना आध्यात्मिक विकास करें। कार्यक्रम में स्वर्वेद ग्रंथ की बांग्ला भाष्यकर्ता रीता साहा, पार्वती देवी, चुन्नी देवी, सुशीला देवी उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में बर्नपुर हिलव्यू के प्रभुनाथ सिंह एवं सीमा सिंह का विशेष योगदान रहा।