RANIGANJ-JAMURIA

Asansol : बुलडोजर आया तो भरा जुर्माना, कहा जितने का कारखाना नहीं उतना जुर्माना, अगला नंबर किसका ?

नगरनिगम ने लगाया है 98 करोड़ का जुर्माना, 20 लाख देकर रोका बुलडोजर

बंगाल मिरर,  आसनसोल, 3 जुलाई 2025: आसनसोल नगर निगम ने विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में अवैध निर्माण और नियमों की अवहेलना करने वाले कारखानों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में आज निगम की एक टीम ने जमुरिया स्थित गगन फेरोटेक कारखाने पर कार्रवाई की। गगन फेरोटेक पर आरोप है कि उन्होंने नगर निगम द्वारा दी गई अनुमति से अधिक क्षेत्र में निर्माण कार्य किया है।
निगम के कानूनी सलाहकार रबी उल इस्लाम के नेतृत्व में इंजीनियरों और कानूनी विशेषज्ञों की एक टीम ने कारखाने का दौरा किया और कार्रवाई शुरू की। रबी उल इस्लाम ने बताया कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्देशानुसार, आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए प्रयासरत है, लेकिन कंपनियों को नगर निगम के नियमों का पालन करना अनिवार्य है। उन्होंने कहा, “गगन फेरोटेक के खिलाफ अवैध निर्माण के आरोप थे, और जांच में पाया गया कि उन्होंने नियमों का उल्लंघन किया है। इसीलिए आज यह कार्रवाई की गई है।”


उन्होंने आगे कहा कि निगम किसी भी कारखाने पर जुर्माना लगाने का पक्षधर नहीं है, लेकिन नियमों की अवहेलना से श्रमिकों की सुरक्षा को खतरा हो सकता है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। साथ ही, यह भी जांचा जा रहा है कि कारखाने की जमीन का मालिकाना हक वैध है या नहीं। रबी उल इस्लाम ने बताया कि गगन फेरोटेक के डायरेक्टर ने मेयर विधान उपाध्याय से बात की है और प्रतीकात्मक रूप से कुछ जुर्माना भी अदा किया गया है।


वहीं, गगन फेरोटेक के अधिकारी हेमंत सिंह ने बताया कि दो साल पहले कारखाने ने नगर निगम से संपर्क किया था और इस बार भी समय मांगा गया था। उन्होंने कहा, “नगर निगम का दावा है कि हमने 37,000 स्क्वायर फीट क्षेत्र में अवैध निर्माण किया है, और इसके लिए 98 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। यह जुर्माना हमारे कारखाने के मूल्य से भी अधिक है।” सिंह ने बताया कि आज प्रतीकात्मक रूप से 20 लाख रुपये का जुर्माना अदा किया गया है और मेयर से समय मांगा गया है।
आसनसोल नगर निगम ने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वाली कंपनियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाइयां जारी रहेंगी ताकि शहर में नियमों का पालन सुनिश्चित हो और श्रमिकों की सुरक्षा बनी रहे।

News Editor

Mr. Chandan | Senior News Editor Profile Mr. Chandan is a highly respected and seasoned Senior News Editor who brings over two decades (20+ years) of distinguished experience in the print media industry to the Bengal Mirror team. His extensive expertise is instrumental in upholding our commitment to quality, accuracy, and the #ThinkPositive journalistic standard.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *