अवैध जुआ अड्डा, कोयले से रंगदारी, सोनू- मोनू सिंडिकेट के खिलाफ आक्रोश
बंगाल मिरर, बर्नपुर : हीरापुर थानान्तर्गत न्यूटाउन आठ नंबर बस्ती और हीरापुर यार्ड इलाके में अवैध जुआ अड्डा संचालन और कोयले के बोरियों से अवैध वसूली को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। इसके विरोध में लोगों ने पुलिस से शिकायत भी की है। आरोप है कि इसके पीछे सोनू -मोनू गिरोह का सिंडिकेट सक्रिय है। इसके कारण वह लोग इलाके में दबंगई कर आतंक का माहौल फैला रहे हैं। इसे लेकर यहां कुछ समय पहले हिंसक संघर्ष भी हुआ था।















स्थानीय लोगों का आरोप है कि हीरापुर रेलवे यार्ड में रेलवे के परित्यक्त भवन का इस्तेमाल जुआ अड्डा संचालन के लिए किया जा रहा है। लोगों का कहना है इलाके के गरीब और मेहनतकश लोग लालच के चक्कर में अपनी गाढ़ी कमाई जुए में लुटा रहे हैं। इससे उनका परिवार उजड़ रहा है। वहीं इसके कारण इलाका का माहौल भी खराब हो रहा है। लोगों की मांग है कि यहां पुलिस कड़ी कार्रवाई कर इन अराजक तत्वों पर नकेल कसे। ताकि इलाके में माहौल स्वच्छ रहे।
लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि यह सिंडिकेट न सिर्फ जुआ अड्डा चला रहा है बल्कि इस अंचल में गरीब लोग जो बोरियों में कोयला बेचकर रोजीरोटी चलाते हैं। उनसे भी अवैध वसूली कर रहा है। इस अवैध कमाई और रंगदारी वसूली को लेकर ही इलाके में वर्चस्व कायम करने को तनाव देखा जाता है।

