ECL की महिला स्वास्थ्यकर्मी की सड़क दुर्घटना में मौत, प्रबंधन और यूनियन के बीच समझौता
बंगाल मिरर, चरण मुखर्जी, रानीगंज: शनिवार दोपहर राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर हुई एक दर्दनाक दुर्घटना में ईसीएल के कुनुस्तोरिया क्षेत्र के बांसरा अस्पताल की वरिष्ठ महिला स्वास्थ्यकर्मी गंभीर रूप से घायल हो गईं। जानकारी के अनुसार, रानीगंज के टीवी अस्पताल निवासी चंद्रा नाग राय 58 वरिष्ठ स्टाफ नर्स दोपहर लगभग 1:45 बजे अस्पताल की ड्यूटी पर जा रही थीं, तभी एनएच-19 पार करते समय एक तेज़ रफ्तार दोपहिया वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें बांसरा क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल में उस समय कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था। इससे स्थानीय लोगों और अस्पताल कर्मियों में आक्रोश फैल गया। भीड़ ने अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया।



एंबुलेंस की अनुपलब्धता को लेकर भी लोगों में नाराजगी देखी गई। बाद में बांसरा कोलियरी से एंबुलेंस मंगवाकर घायल स्वास्थ्यकर्मी को दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल ले जाया जा रहा था लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई,इस घटना के बाद अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था, डॉक्टरों की उपस्थिति और एंबुलेंस सेवा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।दुर्घटना के बाद ईसीएल प्रबंधन और ट्रेड यूनियन प्रतिनिधियों के बीच बैठक हुई, जिसमें मृतक स्वास्थ्यकर्मी के परिवार के लिए उचित मुआवजा पर सहमति बनी एवं लिखित एग्रीमेंट हुआ।