Durgapur में वाइस चेयरमैन बदले, Asansol में जल्द बदलाव की अटकलें
बंगाल मिरर, दुर्गापुर, 1 नवंबर 2025: पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के द्वारा राज्य के प्रमुख नगर निकायों में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव किए जा रहे हैं। इस कड़ी में दुर्गापुर नगर निगम (डीएमसी) में महत्वपूर्ण फेरबदल किया गया है, जबकि आसनसोल नगर निगम (एएमसी) में भी बहुत जल्द बदलाव होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।














दुर्गापुर नगर निगम में वर्तमान वाइस चेयरमैन अमिताभ बनर्जी को उनके पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह जुड़े धर्मेंद्र यादव को नया वाइस चेयरमैन नियुक्त किया गया है। अमिताभ बनर्जी को अब प्रशासनिक बोर्ड का सदस्य बनाया गया है, जो एक प्रकार से उनके पद को डाउनग्रेड करने का संकेत देता है। यह बदलाव पार्टी के आंतरिक स्रोतों के अनुसार, युवा नेतृत्व को मजबूत करने और आगामी स्थानीय निकाय चुनावों की तैयारी के तहत किया गया है। धर्मेंद्र यादव को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है ताकि दुर्गापुर में पार्टी की पकड़ और मजबूत हो सके।
वहीं, आसनसोल नगर निगम में भी फेरबदल की हवा तेज हो गई है। पार्टी के नेताओं द्वारा हाल ही में आयोजित बैठकों में इस मुद्दे पर चर्चा हुई है, और संभावना है कि अगले कुछ दिनों में महत्वपूर्ण पदों पर नए चेहरों को जगह मिलेगी। वर्तमान मेयर विधान उपाध्याय,चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी, डिप्टी मेयर वसीम उल हक और अभिजीत घटक हैं। । तृणमूल के प्रदेश नेतृत्व ने स्पष्ट किया है कि ये बदलाव पार्टी को अधिक गतिशील बनाने के लिए हैं, ताकि 2026 के विधानसभा चुनावों से पहले स्थानीय स्तर पर मजबूत आधार बने।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि ये फेरबदल युवा तृणमूल के दबाव में हो रहे हैं, जो युवाओं को प्रमुख जिम्मेदारियां देकर पार्टी को नई ऊर्जा देना चाहते हैं। हालांकि, विपक्षी दलों ने इसे ‘आंतरिक कलह’ का संकेत बताते हुए तृणमूल पर निशाना साधा है। अधिक जानकारी के लिए पार्टी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।

