Train Accident : मालगाड़ी ने ट्रैक्टर को सैकड़ों मीटर घसीटा, एक की मौत, दो घायल
बंगाल मिरर, जामुड़िया : पश्चिम बर्द्धमान जिले के जामुड़िया थाना क्षेत्र के नंदी श्मशान के पास नंदी और दामोदरपुर के बीच सोमवार दोपहर करीब १२ बजे एक भयावह रेल हादसा हो गया। बाराबनी से अंडाल की ओर जा रही मालगाड़ी के सामने अचानक एक ट्रैक्टर आ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मालगाड़ी ट्रैक्टर को सैकड़ों मीटर तक घसीटते हुए ले गई। इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार तीन लोगों में से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।














मृतक की पहचान ३५ वर्षीय भुटका सोरेन, निवासी शिशिर डांगा (जामुड़िया) के रूप में हुई है। घायलों में राजू मुर्मू और सुनील टुडू शामिल हैं, जिन्हें तुरंत आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।घटना जंगल के बीच एकदम सुनसान इलाके में हुई। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही जामुड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और रेलवे पुलिस (जीआरपी) को सूचित किया। अंडाल जीआरपी और रेलवे का विशेष रेस्क्यू दल (एआरटी) तुरंत घटनास्थल पर पहुंचा। मृतक भुटका सोरेन का शव पोस्टमॉर्टम के लिए अंडाल जीआरपी पुलिस अपने साथ ले गई।ट्रैक्टर ईंट भट्ठे से ईंट लादकर नंदी से दामोदरपुर की ओर जा रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि नंदी से दामोदरपुर जाने के लिए इस रेलवे क्रॉसिंग का इस्तेमाल अक्सर ट्रैक्टर चालक और अन्य वाहन चालक शॉर्टकट के रूप में करते हैं।
संभवतः तेजी से लाइन पार करने की कोशिश में यह हादसा हुआ। हालांकि इस जगह कोई अधिकृत क्रॉसिंग या वैकल्पिक रास्ता नहीं है, जिसके कारण लोग जान जोखिम में डालकर रेल लाइन पार करते हैं।हादसे के बाद मालगाड़ी भी कई घंटों तक लाइन पर फंसी रही। ट्रैक्टर का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर रेल की चपेट में आ गया था। रेलवे के एआरटी दल ने सबसे पहले गैस कटर से ट्रैक्टर के फंसे हुए हिस्सों को काटा और फिर जेसीबी की मदद से उन्हें हटाया। इसके बाद मालगाड़ी को लाइन से हटाने का काम शुरू हुआ।
रेल अधिकारियों ने इस मामले में कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।मृतक भुटका सोरेन मजदूरी का काम करते थे और परिवार का सहारा थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्रवासियों ने रेलवे से मांग की है कि इस इलाके में जल्द से जल्द कोई वैकल्पिक पुल या अधिकृत क्रॉसिंग बनाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाएं न हों।फिलहाल जीआरपी और जामुड़िया पुलिस मामले की जांच कर रही है।

