शिक्षा और स्वस्थ्य के व्यावसायीकरण से कराह रही जनता : फिरोज
India Awake देश हित के मुद्दों पर आवाज उठायेगा
बंगाल मिरर, आसनसोल : आसनसोल के बीएनआर इलाके स्थित कॉफी हाउस में इंडिया अवेक के बैनर तले अंतर्राष्ट्रीय समाजसेवी फिरोज खान एफके द्वारा संवाददाता सम्मेलन आयोजित किया गया। इस दौरान उन्होंने देश की वर्तमान स्थिति पर गंभीर चिंता जताते हुए कई अहम मुद्दों को सामने रखा।फिरोज खान एफके ने कहा कि देश में शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी क्षेत्रों में स्थिति चिंताजनक होती जा रही है। उन्होंने निजी शिक्षा व्यवस्था पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पूरी तरह व्यवसायिक हो चुकी है, जहां गुणवत्ता की बजाय केवल पैसों को प्राथमिकता दी जा रही है।














उन्होंने आरोप लगाया कि अभिभावकों से भारी फीस वसूली जा रही है, लेकिन बच्चों को उच्च स्तर की शिक्षा नहीं मिल पा रही।स्वास्थ्य व्यवस्था पर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनका कहना था कि निजी अस्पतालों में इलाज आम आदमी की पहुंच से बाहर होता जा रहा है। कई मामलों में लोगों को इलाज के लिए अपनी जमीन और गहने तक बेचने पड़ रहे हैं।
वहीं सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति पर भी उन्होंने चिंता जताई और कहा कि वहां गुणवत्ता और व्यवहार दोनों में सुधार की जरूरत है।उन्होंने स्पष्ट किया कि इंडिया अवेक केवल सोशल मीडिया तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जमीनी स्तर पर काम करते हुए हर सामाजिक मुद्दे पर आवाज उठाएगा। उन्होंने कहा कि वे देशहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, गृहमंत्री, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री और सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश से भी मुलाकात करेंगे।





