करीम डंगाल में दो गुटों में हिंसा, बमबाजी और फायरिंग का आरोप, पथराव
बंगाल मिरर, कुल्टी : ( Asansol Latest News Today ) होली के पावन अवसर पर आसनसोल के कुलटी क्षेत्र में एक बार फिर तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। कुलटी के वार्ड संख्या 68 अंतर्गत करीम डंगाल इलाके में बमबाजी, कथित गोलीबारी और पत्थरबाजी की घटना से पूरा इलाका दहल उठा। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल व्याप्त है।














प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इलाके की एक मस्जिद के बाहर कुछ युवकों द्वारा कथित रूप से हंगामा और तोड़फोड़ की जा रही थी। मस्जिद के बाहर रखे डस्टबिन को भी क्षतिग्रस्त करने का आरोप है। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया तो विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते स्थिति हिंसक रूप ले ली। बम धमाकों, पत्थरबाजी और कथित फायरिंग से पूरे क्षेत्र में अफरातफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही कुलटी और बराकर थाना पुलिस भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। फिलहाल इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रशासन ने लोगों से शांति और संयम बनाए रखने की अपील की है।घटना के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है। तृणमूल कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप शुरू कर दिए हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य में हाल ही में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया समाप्त हुई है और जल्द ही विधानसभा चुनाव की घोषणा होने की संभावना है। चुनाव को देखते हुए विभिन्न क्षेत्रों में केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है और पुलिस के साथ संयुक्त रूप से रूट मार्च भी किया जा रहा है।ऐसे समय में इस तरह की घटना ने चुनाव पूर्व सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और स्थिति को नियंत्रण में बताया जा रहा है।





