Moloy Ghatak का दावा BJP को 30 से अधिक सीट नहीं
भाजपा की परिवर्तन यात्रा के 48 घंटे में आसनसोल में टीएमसी की रैली
बंगाल मिरर, आसनसोल: भाजपा की परिवर्तन यात्रा के 48 घंटे के भीतर शनिवार शाम तृणमूल कांग्रेस ने आसनसोल में रैली और सभा का आयोजन कर विरोध जताया। पश्चिम बंगाल में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) के नाम पर आम लोगों के लोकतांत्रिक अधिकार छीनने का आरोप लगाते हुए टीएमसी ने यह विरोध प्रदर्शन किया।राज्य के कानून एवं श्रम मंत्री मलय घटक के नेतृत्व में रैली एसबी गोराई रोड स्थित बुधा मैदान से शुरू होकर हटन रोड होते हुए जीटी रोड के बस स्टैंड तक पहुंची। रैली में आसनसोल नगर निगम के उपमेयर अभिजीत घटक, एमआईसी गुरुदास उर्फ रॉकेट चटर्जी, बोरो चेयरमैन, पार्षद और बड़ी संख्या में टीएमसी कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने एसआईआर के खिलाफ नारेबाजी की।














सभा को संबोधित करते हुए मंत्री मलय घटक ने आरोप लगाया कि भाजपा के निर्देश पर चुनाव आयोग वैध मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा जानती है कि यदि निष्पक्ष चुनाव हुआ तो वह पश्चिम बंगाल में जीत हासिल नहीं कर पाएगी, इसलिए इस तरह की साजिश की जा रही है।
मलय घटक ने भाजपा की परिवर्तन यात्रा पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि उसमें दस से भी कम लोग शामिल हुए थे और कई लोगों को पैसे देकर लाया गया था। उन्होंने दावा किया कि पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को 77 सीटें मिली थीं, लेकिन आगामी चुनाव में उनकी सीटें 30 से भी कम रह जाएंगी।उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि एसआईआर के जरिए ममता बनर्जी को हराया नहीं जा सकता और आगामी विधानसभा चुनाव में टीएमसी 250 से अधिक सीटें जीतकर उन्हें चौथी बार मुख्यमंत्री बनाएगी।





