SAIL ISP ठेका कर्मी की मौत से हड़कंप, नौकरी व मुआवजे की मांग
बंगाल मिरर, आसनसोल/बर्नपुर: बर्नपुर स्थित सेल आईएसपी (इस्को) कारखाने में एक ठेका कर्मी की मौत से मंगलवार को हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान सीतारामपुर निवासी राजेंद्र साव (42) के रूप में हुई है।जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह कारखाने के भीतर राजेंद्र साव को अचेत अवस्था में पाया गया। सहकर्मियों ने उन्हें पहले कारखाने के ओएचएस में ले जाया, जहां से उन्हें बर्नपुर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।














बताया गया कि उनके नाक और मुंह से रक्तस्राव हो रहा था।घटना की खबर मिलते ही विभिन्न श्रमिक यूनियनों के नेता मौके पर पहुंचे और मृतक के परिवार के लिए मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। इसके बाद प्रबंधन की ओर से मृतक के परिवार के एक सदस्य को संविदा आधारित नौकरी का नियुक्ति पत्र दिया गया। वहीं बर्नपुर कंस्ट्रक्शन एसोसिएशन ने अंतिम संस्कार के लिए 37 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की।राजेंद्र साव मुखर्जी कंस्ट्रक्शन के कर्मचारी के रूप में सेल आईएसपी में कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।
इस्को कर्मचारी संघ (बीएमएस) के नेता श्रीकांत शाह ने बताया कि सुबह उन्हें कारखाने में अचेत अवस्था में पाया गया था। उन्होंने कहा कि कर्मी की मौत किन कारणों से हुई, इसकी जांच कारखाना प्रबंधन से करने की मांग की गई है।इधर हिरापुर थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल इस मामले में अस्वाभाविक मौत का मामला दर्ज किया गया है।

