पश्चिम बर्धमान में भाजपा – वाम ने 7 सीटों पर उम्मीदवार घोषित किए, अब तृणमूल की सूची पर सबकी नजर, क्या चौंकानेवाला होगा ?
बंगाल मिरर, आसनसोल: आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर पश्चिम बर्धमान जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने जिले की 9 विधानसभा सीटों में से 7 सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।पार्टी ने तीन मौजूदा विधायकों को उनके ही क्षेत्र से फिर से चुनाव मैदान में उतारा है। इनमें आसनसोल दक्षिण से अग्निमित्रा पाल, कुल्टी से डॉ. अजय कुमार पोद्दार और दुर्गापुर पश्चिम से लखन घुरुई को फिर से टिकट दिया गया है।इसके अलावा पार्टी ने पिछले चुनाव में उम्मीदवार रहे नेताओं पर भी भरोसा जताया है।














पांडेश्वर से जितेंद्र तिवारी, आसनसोल उत्तर से कृष्णेंदु मुखर्जी और जामुड़िया से डॉ. बिजन मुखर्जी को उम्मीदवार बनाया गया है। डॉ. बिजन मुखर्जी ने 2021 में रनिगंज से चुनाव लड़ा था, लेकिन इस बार उनका क्षेत्र बदलकर जामुड़िया कर दिया गया है।दुर्गापुर पूर्व से भाजपा ने चंद्रशेखर बनर्जी को उम्मीदवार बनाया है, जिन्हें राज्य के विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी का करीबी माना जाता है।हालांकि जिले की नौ सीटों में से बाराबनी और रनिगंज सीट पर भाजपा ने अभी उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है। इन दोनों सीटों पर कई नेताओं के नाम चर्चा में बताए जा रहे हैं, ऐसे में पार्टी किसे टिकट देती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।

वहीं दूसरी ओर वाम मोर्चा ने भी जिले की 9 सीटों में से 7 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। केवल आसनसोल उत्तर और बाराबनी सीट पर अभी उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए गए हैं।वाम मोर्चा की ओर से कुल्टी सीट से फॉरवर्ड ब्लॉक के उम्मीदवार भवानी आचार्य को मैदान में उतारा गया है, जबकि बाकी छह सीटों पर माकपा के उम्मीदवार हैं। इनमें आसनसोल दक्षिण से शिल्पी चक्रवर्ती, रनिगंज से नारायण बाउरी, जामुड़िया से मोहम्मद सबीर हुसैन, पांडेश्वर से प्रवीर मंडल, दुर्गापुर पश्चिम से प्रभाष साईं और दुर्गापुर पूर्व से सीमांत चट्टोपाध्याय को उम्मीदवार बनाया गया है।
इस बीच चुनाव की घोषणा के 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने अभी तक अपने उम्मीदवारों की सूची जारी नहीं की है। ऐसे में अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि पश्चिम बर्धमान की नौ सीटों पर तृणमूल कांग्रेस किन नेताओं को मैदान में उतारती है।2021 के विधानसभा चुनाव के परिणामों के अनुसार जिले में तृणमूल कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला कड़ा रहा था। उस चुनाव में तृणमूल कांग्रेस ने 6 और भाजपा ने 3 सीटें जीती थीं। अब देखना होगा कि इस बार मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पुराने चेहरों पर भरोसा जताती हैं या फिर कोई नया राजनीतिक समीकरण सामने आता है।

