WB Election के पहले पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल, सिद्धनाथ गुप्ता डीजी, अजय कुमार नंद कोलकाता के सीपी नियुक्त
बंगाल मिरर, कोलकाता: Election Commission of India ने पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए राज्य के पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करने का निर्देश दिया है। इस संबंध में 16 मार्च 2026 को राज्य सरकार को पत्र भेजा गया है।चुनाव आयोग द्वारा जारी निर्देश के अनुसार कई वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की नई नियुक्ति की गई है। आदेश के मुताबिक 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी सिद्ध नाथ गुप्ता को पश्चिम बंगाल का डीजी एवं आईजीपी (प्रभारी) नियुक्त किया गया है। वहीं 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी नटराजन रमेश बाबू को डीजी, करेक्शनल सर्विसेज के पद पर तैनात किया गया है।














इसके अलावा 1995 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय मुकुंद रानाडे को एडीजी एवं आईजीपी (लॉ एंड ऑर्डर) बनाया गया है, जबकि 1996 बैच के आईपीएस अधिकारी अजय कुमार नंद को कोलकाता पुलिस आयुक्त के पद पर नियुक्त किया गया है।चुनाव आयोग ने निर्देश दिया है कि इन अधिकारियों की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू की जाए और उनकी जॉइनिंग से संबंधित अनुपालन रिपोर्ट 16 मार्च 2026 को दोपहर 3 बजे तक आयोग को भेजी जाए।
आयोग ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन अधिकारियों का तबादला किया गया है, उन्हें चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक किसी भी चुनाव से जुड़े पद पर तैनात नहीं किया जाएगा।माना जा रहा है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए चुनाव आयोग ने यह बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है।

