Agnimitra Pal और सिधान मंडल में तीखी नोंकझोंक
बंगाल मिरर, रानीगंज : आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के रानीगंज ग्रामीण अंचल में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा और तृणमूल नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। भाजपा उम्मीदवार अग्निमित्रा पॉल और तृणमूल कांग्रेस के पंचायत उपप्रधान सिदान मंडल के बीच यह घटना बल्लवपुर पंचायत क्षेत्र में मंगलवार को हुई।जानकारी के अनुसार, सोमवार को सीपीएम की उम्मीदवार सूची जारी होने के बाद भाजपा ने भी अपनी पहली सूची घोषित की, जिसमें पूर्व विजेता अग्निमित्रा पॉल को आसनसोल दक्षिण से उम्मीदवार बनाया गया।














उम्मीदवार घोषित होने के अगले ही दिन मंगलवार को उन्होंने क्षेत्र में चुनाव प्रचार शुरू कर दिया।प्रचार के दौरान अग्निमित्रा पॉल बल्लवपुर के विभिन्न इलाकों के साथ हाट-बाजार भी पहुंचीं, जहां उन्होंने मतदाताओं से समर्थन की अपील की। इसी दौरान उनकी मुलाकात इलाके के पूर्व प्रधान एवं वर्तमान उपप्रधान सिदान मंडल से हुई। दोनों नेताओं के बीच पहले नमस्कार के साथ सौजन्य मुलाकात हुई, लेकिन कुछ ही देर में यह बातचीत तीखी बयानबाजी में बदल गई।
मीडिया से बातचीत में अग्निमित्रा पॉल ने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि जल जैसे मुद्दों पर भी राजनीति कर लोगों को वंचित किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से भाजपा के साथ जुड़ने का आह्वान किया।
वहीं सिदान मंडल ने पलटवार करते हुए भाजपा शासित राज्यों पर सवाल उठाए और पूछा कि क्या वहां हिंदुओं के साथ दुर्व्यवहार हो रहा है या उन्हें बेदखल किया जा रहा है। साथ ही उन्होंने अपने संगठन की चुनावी तैयारियों को भी मजबूत बताया।चुनाव प्रचार के दौरान हुई इस नोकझोंक से स्पष्ट है कि आसनसोल दक्षिण में चुनावी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। अब देखना होगा कि दूसरे चरण के चुनाव में अग्निमित्रा पॉल मतदाताओं का कितना समर्थन हासिल कर पाती हैं।

