Asansol: ब्राउन शुगर के साथ तीन गिरफ्तार, डेढ़ लाख नकद बरामद
बंगाल मिरर, आसनसोल। आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के गिरजा मोड़ इलाके में गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से करीब 34 ग्राम ब्राउन शुगर और लगभग डेढ़ लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं।पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी टोटो में सवार होकर मादक पदार्थ की सप्लाई के लिए जा रहे थे। इसी दौरान पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया। बताया जा रहा है कि गिरफ्तार व्यक्ति शिल्पांचल के विभिन्न इलाकों में लंबे समय से नशीले पदार्थों की आपूर्ति कर रहे थे।














टोटो चालक ने दावा किया है कि वह रेलपार का निवासी है और उसने मोहम्मद नवाब नामक व्यक्ति को आलम नगर छोड़ने के लिए टोटो बुक किया था। चालक के मुताबिक, उसे इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि उसके यात्री के पास मादक पदार्थ मौजूद है। उसने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि अचानक पुलिस ने वाहन को घेर लिया और जांच के दौरान मादक सामग्री और नकदी बरामद हुई।
हालांकि, खबर लिखे जाने तक पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सार्वजनिक नहीं की है और जब्त मादक पदार्थ की आधिकारिक पुष्टि भी बाकी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार करीब 34 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने की बात सामने आई है।इस कार्रवाई के बाद शिल्पांचल क्षेत्र में सक्रिय अवैध नशे के कारोबार को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। खासकर 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह की गतिविधियों ने कानून-व्यवस्था और संगठित नेटवर्क को लेकर चिंता बढ़ा दी है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस नेटवर्क के तार कहां तक जुड़े हैं।

