Asansol : Ranchi से आ रही बस में 11 किलो गांजा और 66 मोबाइल बरामद
बंगाल मिरर, आसनसोल | संवाददाता: राजा बंदोपाध्याय : आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आसनसोल में अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। विभिन्न महत्वपूर्ण सड़कों और मोड़ों पर नाका चेकिंग तेज कर दी गई है। इसी अभियान के तहत आसनसोल उत्तर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।पिछले 24 घंटों के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर बिहार और झारखंड से आने वाली बसों में तलाशी अभियान चलाकर पुलिस ने करीब 11 किलो गांजा और 66 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।














पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुरुवार सुबह रांची-आसनसोल रूट की एक बस को जुबिली मोड़ पर रोककर तलाशी ली गई, जिसमें से 66 मोबाइल और करीब 1 किलो गांजा मिला। वहीं, बुधवार रात झारखंड से आ रही एक अन्य बस में छापेमारी कर लगभग 10 किलो गांजा बरामद किया गया।इस संबंध में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस के डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास ने बताया कि चुनाव के मद्देनजर वाहनों और बसों की सघन जांच की जा रही है। पिछले 24 घंटों में कई वाहनों की तलाशी ली गई, जिनमें से दो बसों से यह बड़ी बरामदगी हुई।हालांकि इस सफलता के बीच कुछ सवाल भी उठ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि डुबुरडिही चेकपोस्ट से आने वाली कुछ बसों की जांच ठीक से नहीं हो रही है। साथ ही, कुछ बसें आसनसोल शहर में प्रवेश किए बिना जुबिली ब्रिज पार कर सीधे दुर्गापुर चली जा रही हैं, जिनकी जांच को लेकर भी संदेह बना हुआ है।सूत्रों के मुताबिक, यह मामला चुनाव आयोग के संज्ञान में आ चुका है। प्रशासन का कहना है कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए नाका चेकिंग को और मजबूत किया जाएगा तथा चेकपोस्ट की संख्या बढ़ाने पर भी विचार किया जा रहा है।

