Mamata Banerjee Durgapur पहुंची, खांद्रा में सभा कल
बंगाल मिरर, दुर्गापुर : दुर्गापुर में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के दौरे को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे वह कोलकाता से सड़क मार्ग से दुर्गापुर पहुंचीं और सिटी सेंटर के एक होटल में रात्रि विश्राम करेंगी। उनके आगमन को लेकर इलाके में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और सड़क पर बैरिकेडिंग के साथ वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रही। बड़ी संख्या में टीएमसी कार्यकर्ता सड़क किनारे मौजूद रहे और नारे लगाकर उनका स्वागत किया, जिस पर ममता बनर्जी ने हाथ हिलाकर अभिवादन किया।शनिवार सुबह करीब 11 बजे वह दुर्गापुर से रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के अंडाल स्थित खांद्रा फुटबॉल मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगी, जहां वह टीएमसी उम्मीदवार कालोबरन मंडल के समर्थन में प्रचार करेंगी।














इसके बाद उनका कार्यक्रम पुरुलिया जाने का है, जहां वह एक और जनसभा करेंगी।उल्लेखनीय है कि ममता बनर्जी ने हाल ही में पांडवेश्वर से दक्षिण बंगाल में अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत की है और पश्चिम बर्धमान जिले को विशेष महत्व दे रही हैं। जिले की नौ सीटों पर जीत के लक्ष्य के साथ टीएमसी पूरी ताकत झोंक रही है, खासकर पांडवेश्वर, रानीगंज और जामुड़िया जैसे क्षेत्रों पर खास फोकस किया जा रहा है।बताया गया कि पहले उनका हेलीकॉप्टर से दुर्गापुर आने का कार्यक्रम था, लेकिन कोलकाता में खराब मौसम और तेज आंधी-बारिश के कारण उन्होंने सड़क मार्ग से आने का फैसला लिया।

