Burnpur रामनवमी पर भव्य शोभायात्रा, जय श्रीराम के नारों से गूंजा शहर
बंगाल मिरर, बर्नपुर : बर्नपुर में आसनसोल के इस्पात नगरी बर्नपुर में रामनवमी के पावन अवसर पर शनिवार की शाम भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यह शोभायात्रा शिवस्थान मंदिर प्रांगण से शुरू होकर पूरे शहर का भ्रमण करते हुए पुनः मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। जुलूस में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।शोभायात्रा में कुल 18 अखाड़ों की आकर्षक झांकियां सजाई गई थीं, जिनमें भगवान श्रीराम, माता सीता और हनुमान जी की मनमोहक झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। इसके साथ ही समय का चलता हुआ चक्र भी लोगों के बीच कौतूहल का विषय बना रहा। पूरे रास्ते “जय श्रीराम” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया।














इस मौके पर आसनसोल दक्षिण की भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल अनमोल सिंह के साथ जुलूस के अग्रभाग में चलती नजर आईं। वहीं, आसनसोल दक्षिण के तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी तापस बनर्जी भी अपने समर्थकों के साथ इस शोभायात्रा में शामिल हुए, जिससे आयोजन में राजनीतिक और सामाजिक एकता की झलक देखने को मिली।झारखंड से आई ताशा बैंड पार्टी ने अपनी प्रस्तुति से जुलूस में चार चांद लगा दिए। आकर्षक धुनों और झांकियों ने पूरे शहर को राममय बना दिया। जुलूस में शामिल हर व्यक्ति की जुबान पर राम का ही नाम था।
शोभायात्रा शिवस्थान मंदिर से निकलकर स्टेशन रोड होते हुए बारी मैदान और बर्नपुर बस स्टैंड तक पहुंची, जहां से वापस मंदिर प्रांगण में आकर इसका समापन हुआ। रास्ते में विभिन्न सामाजिक संस्थाओं द्वारा श्रद्धालुओं के लिए शरबत और ठंडाई की व्यवस्था की गई, जिससे लोगों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई।इस आयोजन में पार्षद गुरमीत सिंह, अशोक रुद्र, सोना गुप्ता, पूर्णेंदु चौधरी (टीपू), सोनू सिंह, राजेश सिंह, बिनोद यादव, अहमदुल्लाह खान, मोनू, भगवान सिंह, अमित सिंह, ओम प्रकाश सिंह, गौरी शंकर सिंह, संग्राम सिंह, संजय सिंह, अमित सेन, प्रबीर धर, मुन्ना यादव, बिरजू यादव समेत हजारों की संख्या में बच्चे, महिलाएं और पुरुष शामिल हुए।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। थाना प्रभारी करतार सिंह, इंस्पेक्टर अशोक सिंह महापात्र के नेतृत्व में पुलिस टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। वहीं, अवर निरीक्षक प्रदीप दंडवत और संजय घोष की भूमिका भी सराहनीय रही।इसके अलावा मनोज कुशवाहा और संजीत कुमार की टीम ने भी आयोजन को सफल बनाने में अहम योगदान दिया।कुल मिलाकर, बर्नपुर की यह शोभायात्रा आस्था, उत्साह और सामाजिक समरसता का अद्भुत उदाहरण बनकर उभरी।

