Congress : Asansol में युवाओं पर, Durgapur में वरिष्ठों पर भरोसा
पश्चिम बर्धमान की सभी 9 सीटों पर कांग्रेस उम्मीदवार घोषित
बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:पश्चिम बर्धमान जिले की सभी 9 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इस बार पार्टी ने जिले के शीर्ष नेता और जिला अध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती को भी चुनावी मैदान में उतारा है। वह दुर्गापुर पूर्व विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाए गए हैं।आसनसोल उत्तर से जिले के चर्चित चेहरा और पीसीसी सदस्य प्रसेंजीत पुइतुंडी को टिकट दिया गया है, जबकि दुर्गापुर पश्चिम से तरुण राय को उम्मीदवार बनाया गया है।














जिले की अन्य सीटों पर कांग्रेस के उम्मीदवार इस प्रकार हैं—पांडवेश्वर से उत्तम कुमार राय, रानीगंज से फैयाज अहमद, जामुड़िया से तरुण कुमार गांगुली, आसनसोल दक्षिण से सौविक मुखोपाध्याय, कुल्टी से रवि यादव और बाराबनी से जयदेव राय।गौरतलब है कि सोमवार को पहले चरण के चुनाव के लिए चुनाव आयोग अधिसूचना जारी करेगा, जिसके साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। उससे एक दिन पहले ही कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर दिए हैं।वहीं, पश्चिम बर्धमान जिले की सभी 9 सीटों पर तृणमूल कांग्रेस पहले ही उम्मीदवार घोषित कर चुकी है।
प्रमुख विपक्षी दल भाजपा ने अब तक 6 सीटों पर उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं, जबकि बाराबनी सीट पर अभी तक उम्मीदवार की घोषणा नहीं हुई है।उल्लेखनीय है कि राज्य की 294 विधानसभा सीटों में से कांग्रेस ने 284 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता अधीर चौधरी को भी इस बार चुनाव मैदान में उतारा गया है।

