ASANSOL

Narendra Modi : सबका साथ सबका विकास और सबका हिसाब होगा

आसनसोल में पीएम मोदी की विशाल जनसभा, भाजपा कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह

बंगाल मिरर, आसनसोल : पश्चिम बर्धमान जिले में 23 अप्रैल को पहले चरण के तहत होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया है। सभी दलों द्वारा जोर-शोर से चुनाव प्रचार किया जा रहा है। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक और देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi ने आज आसनसोल के पोलो मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया।

प्रधानमंत्री की इस जनसभा को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सभा में पश्चिम बर्धमान जिले की 9 विधानसभा सीटों के सभी भाजपा प्रत्याशी, प्रदेश अध्यक्ष Samik Bhattacharya, जिला अध्यक्ष देव तनु भट्टाचार्य सहित पुरुलिया और बांकुरा के कई वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा बड़ी संख्या में जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के समर्थक और अन्य जिलों से आए कार्यकर्ता भी सभा में शामिल हुए।


प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन की ओर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों के जवान चप्पे-चप्पे पर तैनात थे। ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पूरे शहर में विशेष प्रबंधन किया गया। प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर लोको मैदान में उतरा, जहां से उनका काफिला सड़क मार्ग से पोलो मैदान पहुंचा। रास्ते में बड़ी संख्या में समर्थक सड़कों के किनारे खड़े होकर उनका स्वागत करते नजर आए।


सभा की शुरुआत में भाजपा के विभिन्न प्रत्याशियों ने अपने-अपने क्षेत्र की समस्याओं को उठाते हुए राज्य की Mamata Banerjee सरकार पर निशाना साधा और जनता से बदलाव के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य ने भी अपने संबोधन में राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए और कहा कि अब जनता परिवर्तन चाहती है।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंच पर पहुंचते ही पूरा पोलो मैदान “मोदी-मोदी” के नारों से गूंज उठा। उन्हें मां दुर्गा और Rabindranath Tagore की तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने आसनसोल की जनता का अभिवादन करते हुए कहा कि यह क्षेत्र बंगाल का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, लेकिन वर्तमान सरकार के शासन में यहां के लोगों की प्रतिभा को उचित अवसर नहीं मिल रहा है। उन्होंने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और “कट मनी” की राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि इससे मुक्ति केवल भाजपा ही दिला सकती है।

उन्होंने कहा कि बंगाल में लंबे समय से विकास बाधित रहा है और 34 साल के वाम शासन तथा 15 साल के टीएमसी शासन ने राज्य को पीछे धकेल दिया है। इसके कारण यहां के युवाओं को रोजगार के लिए पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य में महिलाओं की सुरक्षा की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने माफिया राज और सिंडिकेट राज पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि 4 मई के बाद चुन चुन कर सबका हिसाब होगा। अब सबका साथ सबका विकास और सबका हिसाब होगा।


प्रधानमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और आने वाले चुनाव में इसका परिणाम देखने को मिलेगा। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा की “डबल इंजन” सरकार बनने पर राज्य को फिर से “सोनार बांग्ला” बनाया जाएगा।
सभा के दौरान हजारों की संख्या में पहुंचे समर्थकों ने प्रधानमंत्री की एक झलक पाने के लिए उत्साह दिखाया और पूरे आयोजन को सफल बनाया।

Social Share or Summarize with AI

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *