LatestNational

उत्तराखंड के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेंगे तीरथ सिंह रावत

बंगाल मिरर, विशेष संवाददाता: उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री की घोषणा हो गई है। भाजपा नेता और पौड़ी गढ़वाल से सांसद तीरथ सिंह रावत राज्य के 12वें मुख्यमंत्री के रूप में शाम 4 बजे शपथ लेंगे। पार्टी कार्यालय में आयोजित विधायक दल की बैठक में तीरथ सिंह रावत को यह जिम्मेवारी सौंपी गई है। इससे पहले वे उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष के रूप में भी काम कर चुके हैं। इस मौके पर तीरथ सिंह रावत ने कहा कि ”जो जिम्मेदारी मिली है वो मैं निभाऊंगा, प्रदेश की बेहतरी के लिए काम करूंगा।”

कई महत्वपूर्ण पदों पर कर चुके हैं काम

भाजपा राष्ट्रीय सचिव, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और उत्तराखंड के पहले शिक्षा मंत्री तीरथ सिंह रावत वर्ष 1983 से लेकर 1988 तक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रचारक रहे हैं। इसके अलावा वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के उत्तराखंड राज्य के संगठन मंत्री भी रह चुके हैं। इसी संगठन में उन्होंने राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेवारी भी निभाई है। अपने राजनैतिक जीवन की शुरुआत उन्होंने हेमवती नंदन गढ़वाल विश्वविद्यालय में छात्र संघ अध्यक्ष के रूप में की। वहीं, संयुक्त उत्तर प्रदेश में(जब उत्तराखंड का विभाजन नहीं हुआ था) तीरथ सिंह रावत छात्र संघ मोर्चा (उत्तर प्रदेश) में प्रदेश उपाध्यक्ष भी रहे हैं।

उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष से लेकर गढ़वाल के सांसद बनने तक

तीरथ सिंह साल 1997 से 2002 तक यूपी विधान परिषद के सदस्य रहे। इसके अलावा वे उत्तराखण्ड दैवीय आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के भी अध्यक्ष रहे हैं। साल 2012 के उत्तराखंड विधानसभा चुनावों में वे चौबट्टाखाल विधानसभा से विधायक निर्वाचित हुए। इसके बाद वर्ष 2013 में वे उत्तराखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बने और साल 2017 में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव बनाए गए। 2019 के लोकसभा चुनाव में वे गढ़वाल से सांसद चुने गए।

भाजपा विधानमंडल दल की बैठक में मौजूद रहे सांसद और केंद्रीय मंत्री

भाजपा कार्यालय में आयोजित विधानमंडल की बैठक में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, याशपाल आर्य समेत केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, नैनीताल से सांसद अजय भ‌ट्ट मौजदू रहे। जिसके बाद तीरथ सिंह रावत के नाम पर मोहर लगी। इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रमन सिंह और प्रदेश पार्टी प्रभारी दुष्यंत गौतम भी उपस्थित थे।

शाम 4 बजे लेंगे शपथ

तीरथ सिंह रावत उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के तौर पर आज शाम चार बजे शपथ लेंगे। राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन होगा।

उत्तराखंड में अब तक किस-किस ने संभाला मुख्‍यमंत्री पद

  1. नित्यानन्द स्वामी (9 नवम्बर 2000- 29 अक्टूबर 2001) भाजपा
  2. भगत सिंह कोश्यारी (30 अक्टूबर 2001-1 मार्च 2002) भाजपा
  3. नारायण दत्त तिवारी (2 मार्च 2002-7 मार्च 2007) कांग्रेस
  4. भुवन चन्द्र खण्डूरी (8 मार्च 2007-23 जून 2009) भाजपा
  5. रमेश पोखरियाल निशंक (24 जून 2009-10 सितम्बर 2011) भाजपा
  6. भुवन चन्द्र खण्डूरी (11 सितम्बर 2011-13 मार्च 2012) भाजपा
  7. विजय बहुगुणा (13 मार्च 2012-31 जनवरी 2014) कांग्रेस
  8. हरीश रावत (1 फ़रवरी 2014-27 मार्च 2016) कांग्रेस
  9. राष्ट्रपति शासन (27 मार्च 2016-21 अप्रैल 2016)
  10. हरीश रावत (21 अप्रैल 2016-22 अप्रैल 2016) कांग्रेस
  11. राष्ट्रपति शासन (22 अप्रैल 2016-11 मई 2016)
  12. हरीश रावत (11 मई 2016-18 मार्च 2017) कांग्रेस
  13. त्रिवेन्द्र सिंह रावत (18 मार्च 2017-9 मार्च 2021) भाजपा

News Editor

Mr. Chandan | Senior News Editor Profile Mr. Chandan is a highly respected and seasoned Senior News Editor who brings over two decades (20+ years) of distinguished experience in the print media industry to the Bengal Mirror team. His extensive expertise is instrumental in upholding our commitment to quality, accuracy, and the #ThinkPositive journalistic standard.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *