Asansol : BJP जिलाध्यक्ष की गाड़ी तो TMC प्रधान के घर पर सोशल मीडिया पर जंग
बंगाल मिरर, आसनसोल : ( Asansol Latest News ) पश्चिम बंगाल में 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल गरमाने लगा है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बीच सोशल मीडिया पर जंग तेज हो गई है। इस बार विवाद का केंद्र बना है BJP के जिला अध्यक्ष द्वारा नई गाड़ी खरीदने का मामला, जिसे लेकर TMC ने सोशल मीडिया पर जमकर निशाना साधा है। जवाब में BJP नेता जितेंद्र तिवारी ने तृणमूल के पंचायत प्रधान के घर की तस्वीरें साझा कर पलटवार किया है, जिससे दोनों दलों के बीच तनातनी और बढ़ गई है।




BJP जिला अध्यक्ष की नई गाड़ी : तृणमूल हुई हमलावर
सूत्रों के अनुसार, BJP के एक जिला अध्यक्ष ने हाल ही में एक लग्जरी गाड़ी खरीदी, जिसके बाद TMC ने इसे भ्रष्टाचार और जनता के पैसे के दुरुपयोग का मुद्दा बनाया। तृणमूल नेता और कार्यकर्ता अपने सोशल मीडिया हैंडल्स और समर्थकों के जरिए BJP पर हमला बोला, TMC ने इस मुद्दे को 2026 के विधानसभा चुनाव से जोड़ते हुए BJP पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया। TMC की ओर से लिखा गया कि, “बंगाल की जनता को केन्द्र बुनियादी सुविधाओं से वंचित कर रही है, वहीं BJP के नेता लग्जरी गाड़ियों में घूम रहे हैं। यह जनता के साथ विश्वासघात है। 2026 में जनता इसका जवाब देगी।”
जितेंद्र तिवारी का पलटवार: पंचायत प्रधान के घर की तस्वीरें
TMC के हमलों का जवाब देते हुए BJP नेता और पांडवेश्वर के पूर्व विधायक जितेंद्र तिवारी ने तृणमूल पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक तृणमूल पंचायत प्रधान के आलीशान घर की तस्वीरें साझा कीं और सवाल उठाया कि साधारण पंचायत प्रधान इतना शानदार घर कैसे बना सकता है। तिवारी ने अपने पोस्ट में लिखा, “TMC के पंचायत प्रधानों के महल देखिए, और फिर BJP पर उंगली उठाइए। जनता सब देख रही है, 2026 में जवाब देगी।” भाजपा जिलाध्यक्ष ने ईएमआई पर एक गाड़ी ली है तो इतना हो हल्ला मचा रहे हैं। तिवारी ने दावा किया कि TMC के शासन में भ्रष्टाचार चरम पर है और पंचायत स्तर पर भी नेताओं ने जनता के पैसे का दुरुपयोग किया है। उन्होंने यह भी कहा कि BJP कार्यकर्ता जनता की सेवा के लिए काम कर रहे हैं, जबकि TMC केवल सियासी ड्रामे में व्यस्त है।