Asansol : टोटो के मुद्दे पर मेयर से मिलीं अग्निमित्रा पॉल, दिए कई प्रस्ताव, बड़ा सवाल क्या होगी कार्रवाई ?
बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंद्योपाध्याय :** आसनसोल दक्षिण विधानसभा की भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल ने सोमवार को आसनसोल नगर निगम पहुंचकर मेयर विधान उपाध्याय से मुलाकात की। दोनों के बीच हटन रोड और जीटी रोड के जंक्शन पर टोटो के कारण हो रही ट्रैफिक समस्या को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अग्निमित्रा पॉल ने हटन रोड मोड़ पर पहुंचकर टोटो चालकों द्वारा सड़क पर गाड़ी खड़ी कर यात्रियों को चढ़ाने-उतारने और उससे होने वाले जाम की स्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई थी। उन्होंने जीटी रोड से जुड़े इस महत्वपूर्ण मोड़ पर टोटो पार्किंग के खिलाफ प्रदर्शन किया था और वहां तैनात सिविक वॉलंटियर्स व ट्रैफिक गार्ड पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए थे।सोमवार को विधायक ने मेयर से मिलकर यह मुद्दा फिर उठाया।















उन्होंने कहा, “हटन रोड मोड़ पर टोटो के कारण लोगों को भारी परेशानी हो रही है। लंबे समय तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। इसलिए इस इलाके को खाली कराना बहुत जरूरी है।” अग्निमित्रा ने प्रस्ताव दिया कि टोटो खड़ा करने के लिए वहां पास में ही एक खाली जगह उपलब्ध है, उसे टोटो स्टैंड के रूप में विकसित किया जाए।मेयर विधान उपाध्याय ने उनकी बात सुनी और आश्वासन दिया कि इस मामले की जांच कराई जाएगी और अगर संभव हुआ तो समाधान कर दिया जाएगा। मेयर ने स्वीकार किया कि हटन रोड मोड़ पर टोटो पार्किंग और यात्रियों को चढ़ाना-उतारना वाकई सभी के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
अग्निमित्रा पॉल ने बताया, “कुछ दिन पहले हटन रोड से गुजरते वक्त मैंने देखा कि टोटो चालक सड़क पर ही गाड़ियां खड़ी करके यात्रियों को चढ़ा-उता रहे हैं, जिससे आम लोगों को भारी दिक्कत हो रही थी। मैंने कुछ चालकों को डांटा भी था। चालकों ने कहा कि वे भी जानबूझकर सड़क नहीं रोकना चाहते, लेकिन उनके पास कोई निर्धारित जगह ही नहीं है। इसलिए आज मैं मेयर से मिली। मेयर ने मेरी चिंता को गंभीरता से सुना और कहा कि आसनसोल नगर निगम इस समस्या का हल निकालने की कोशिश कर रहा है।”
मेयर विधान उपाध्याय ने कहा, “भाजपा विधायक अग्निमित्रा पॉल आज हटन रोड पर सड़क पर टोटो पार्किंग के मुद्दे पर मुझसे मिलने आई थीं। मैं मानता हूं कि यह बहुत गंभीर समस्या है और लोगों को परेशानी हो रही है। नगर निगम भी इसका समाधान चाहता है। विधायक महोदया ने कुछ ठोस प्रस्ताव दिए हैं, उन्हें हम जल्दी ही परखेंगे और उचित कार्रवाई करेंगे।”
वही इस बैठक को लेकर आसनसोल की जनता सवाल उठा रही है कि क्या कुछ कार्रवाई वास्तव में होगी या फिर सिर्फ फोटो खिंचवाने और फाइलों तक ही सिमट कर रह जाएगी


