बिजली काटने पर कर्मियों पर हमला, पिटाई
बंगाल मिरर, रानीगंज : रानीगंज में बकाया बिजली बिल को लेकर बिजली विभाग के कर्मचारियों पर हमला किए जाने की घटना सामने आई है। बताया गया है कि पिछले छह महीनों से लगातार नोटिस भेजे जाने के बावजूद बकाया बिल जमा नहीं किए जाने पर बिजली विभाग के कर्मचारी जब बिजली कनेक्शन काटने पहुंचे, तभी उन पर हमला किया गया।














इस घटना में बिजली विभाग के स्टेशन मैनेजर हीरक ब्रह्मचारी, जूनियर इंजीनियर दीपंकर चौधुरी और लाइनमैन अमित साहा घायल हो गए। इनमें जूनियर इंजीनियर और लाइनमैन को शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना रानीगंज के रोनाय उत्तर-पूर्व पाड़ा इलाके में हुई।
जानकारी के अनुसार, स्थानीय निवासी सिंदबाद खान पर करीब 21 हजार रुपये का बिजली बिल पिछले छह महीनों से बकाया था। कई बार नोटिस देने के बाद भी जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो 17 दिसंबर, बुधवार दोपहर बिजली विभाग के कर्मचारी अधिकारियों के साथ उनके घर पहुंचे। उस समय परिजनों ने बताया कि सिंदबाद खान घर पर नहीं हैं। इसके बाद कर्मचारियों ने बिजली कनेक्शन काट दिया।
आरोप है कि इसकी जानकारी मिलते ही सिंदबाद खान अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से मौके पर पहुंचा और बिना कुछ सुने बांस से बिजली कर्मियों पर हमला कर दिया। किसी तरह कर्मचारी वहां से जान बचाकर निकल पाए। गंभीर चोट लगने के कारण सभी घायलों का रानीगंज के आलूगड़िया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराया गया।इस मामले में दो आरोपियों के खिलाफ रानीगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है।


