गौ-तस्करी से जुड़े लोग हिंदू नहीं हो सकते सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए : जितेन्द्र तिवारी
बंगाल मिरर, कुल्टी: कुल्टी के थाना मोड़ के समीप श्रीपुर मोड़ पर रविवार देर शाम भारतीय जनता पार्टी की ओर से परिवर्तन संकल्प सभा का आयोजन किया गया। इस सभा में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं आसनसोल नगर निगम के पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर आसनसोल नगर निगम के पार्षद गौरव गुप्ता, अमित तुलसियान, ललन मेहरा, अभिजीत आचार्य, उत्पल घोष, सुब्रत मिश्रा, अमित गोराई, पाथोर मंडल, गोराचंद चटर्जी, कृष्णा माजी, गोतम माजी सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।














सभा को संबोधित करते हुए जितेंद्र तिवारी ने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि बांग्लादेश में जो कुछ हो रहा है, वह पूरी तरह अन्यायपूर्ण है और इसकी निंदा विश्व स्तर पर की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर चुप नहीं बैठी है और आंतरिक रूप से आवश्यक कार्रवाई जारी है, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।
उन्होंने आगे कहा कि भारतीय संविधान और देश की संस्कृति को मानने वाला हर व्यक्ति हिंदू है, भले ही उसका धर्म या पंथ अलग क्यों न हो। विदेश में भारतीयों की पहचान “हिंदुस्तानी” के रूप में होती है और इसी पहचान के आधार पर वीजा बनता है। उन्होंने गौ-तस्करी से जुड़े लोगों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि ऐसे लोग हिंदू नहीं हो सकते और उनका सामाजिक बहिष्कार होना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे लोगों को राजनीति से बाहर किया जाना चाहिए, चाहे वे किसी भी दल से जुड़े हों।
जितेंद्र तिवारी ने दावा किया कि वर्ष 2026 में पश्चिम बंगाल में परिवर्तन तय है। उन्होंने सभी हिंदुओं से एकजुट होकर “अत्याचारी सरकार” के खिलाफ मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की और राज्य में नई सरकार के गठन में सहयोग करने का आह्वान किया।
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा के कुल्टी पार्षद ललन मेहरा ने कहा कि भाजपा मुसलमानों के खिलाफ नहीं है और आज भी कई राष्ट्रवादी मुसलमान भाजपा के साथ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बंगाल में बाबरी मस्जिद की नींव रखकर सामाजिक वातावरण को दूषित करने की साजिश की जा रही है। उन्होंने लोगों से ऐसे तत्वों से सतर्क रहने की अपील की और कहा कि तृणमूल कांग्रेस का यह अंतिम दौर है। भाजपा बंगाल में सरकार बनाने जा रही है और राज्य में एक नया सवेरा होगा।


