SAMADHAN पोर्टल के माध्यम से बर्दवान स्टेशन के ईएमयू कोच मेंटेनेंस डिपो से जुड़े 39 सफाई कर्मचारियों को बकाया अंतर वेतन के रूप में 5,46,340 रुपये मिले
बंगाल मिरर, दुर्गापुर : श्रमिक अधिकार और सामाजिक न्याय की दिशा में एक अहम सफलता दर्ज करते हुए बर्दवान रेलवे स्टेशन के ईएमयू कोच मेंटेनेंस डिपो (हावड़ा डिवीजन) से जुड़े 39 सफाईवाला कर्मचारियों को उनके बकाया अंतर वेतन के रूप में कुल 5,46,340 रुपये की राशि प्राप्त हुई है।
यह वसूली भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अंतर्गत संचालित समाधान (SAMADHAN) पोर्टल के माध्यम से संभव हो पाई। मामले में सक्रिय भूमिका निभाते हुए दुर्गापुर के श्रम प्रवर्तन अधिकारी (केंद्रीय) डॉ. शिशिर कुमार सेठी के हस्तक्षेप से कर्मचारियों को उनका हक दिलाया गया।
काफी समय से सफाई कर्मचारियों को निर्धारित वेतन से कम भुगतान किया जा रहा था।















कर्मचारियों ने समाधान पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद श्रम विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बकाया राशि की वसूली सुनिश्चित की।
समाधान पोर्टल श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की एक विशेष पहल है, जिसका उद्देश्य औद्योगिक विवादों और श्रमिकों की शिकायतों का त्वरित समाधान करना है। इस डिजिटल मंच के जरिए असंगठित और संविदा क्षेत्र के श्रमिक बिना लंबी कानूनी प्रक्रिया के न्याय प्राप्त कर सकते हैं।
इस फैसले से न केवल सफाई कर्मचारियों को राहत मिली है, बल्कि यह अन्य श्रमिकों के लिए भी एक मिसाल बनकर सामने आया है।


