Asansol : सास की हत्या में बहू और साथी डालटेनगंज का समीर आलम गिरफ्तार, पुलिस ने लिया रिमांड पर
बंगाल मिरर, आसनसोल: राजा बंदोपाध्यायः आसनसोल में सास की हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने छोटी बहू को गिरफ्तार किया है। उसके साथ-साथ झारखंड निवासी उसके घनिष्ठ साथी को भी पकड़ा गया है। दोनों को अदालत में पेश करने के बाद 8 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।आसनसोल उत्तर थाना क्षेत्र के बाराबनी विधानसभा अंतर्गत लालगंज की रहने वाली रिया राय को शुक्रवार सुबह गिरफ्तार किया गया। वहीं उसके करीबी साथी, झारखंड के डाल्टनगंज निवासी समीर आलम को गुरुवार रात आसनसोल के जीटी रोड स्थित भगत सिंह मोड़ इलाके से गिरफ्तार किया गया था।














मृतका का नाम मौ राय है।शुक्रवार को दोनों आरोपियों को आसनसोल अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने हिरासत की मांग की। अदालत ने जमानत नामंजूर करते हुए दोनों को 8 दिनों की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।इस मामले को लेकर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुब दास ने शुक्रवार सुबह पत्रकारों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 16 जनवरी की रात बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के लालगंज इलाके में मौ राय को उनके घर में अचेत अवस्था में पाया गया था। परिजन उन्हें आसनसोल के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन शव को घर वापस ले आए।कुछ समय बाद मृतका के बेटे ने अपनी मां के गले पर संदिग्ध निशान देखे और यह भी पाया कि उनके पहने हुए गहने गायब हैं। इसके बाद आसनसोल उत्तर थाना को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को आसनसोल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दोबारा मृत घोषित किया। अगले दिन पोस्टमार्टम कराया गया।
पोस्टमार्टम की प्रारंभिक रिपोर्ट में सामने आया कि मौ राय की गला घोंटकर, रस्सी या इसी तरह की किसी वस्तु से हत्या की गई थी। डीसीपी ने बताया कि घटना से 13 दिन पहले, 3 जनवरी को, मृतका मौ राय ने अपनी छोटी बहू रिया राय के खिलाफ चोरी की शिकायत आसनसोल उत्तर थाने में दर्ज कराई थी। बाद में मृतका के भाई ने हत्या का मामला दर्ज कराया, जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की।जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि रिया राय का झारखंड के डाल्टनगंज निवासी एक युवक से घनिष्ठ संबंध था। पुलिस को संदेह हुआ कि रहस्यमय मौत के पीछे रिया राय और उसका यह साथी शामिल हो सकते हैं। तलाश के दौरान युवक का पता नहीं चला, लेकिन बाद में जानकारी मिली कि वह आसनसोल आया हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने गुरुवार रात भगत सिंह मोड़ इलाके से समीर आलम को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में समीर आलम ने मौ राय की हत्या की बात स्वीकार की और यह भी बताया कि इस अपराध में रिया राय की भी संलिप्तता थी। इसके बाद शुक्रवार सुबह रिया राय को गिरफ्तार किया गया।डीसीपी ध्रुब दास ने बताया कि आरोपी युवक आसनसोल आकर एक होटल में ठहरा हुआ था। उसी होटल के कमरे से मृतका के गहने भी बरामद किए गए हैं। उन्होंने कहा कि मामले की जांच अभी प्रारंभिक चरण में है और दोनों आरोपियों से पुलिस हिरासत में और पूछताछ की जाएगी।पुलिस के अनुसार, रिया राय और झारखंड निवासी युवक की पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से हुई थी।







