Asansol : रेलवे की जमीन पर सड़क निर्माण, आरपीएफ ने रोका, हंगामा
बंगाल मिरर, आसनसोल : आसनसोल के रेलपार क्षेत्र में रेलवे की जमीन पर लोगों के आवागमन के लिए सड़क निर्माण का काम आरपीएफ द्वारा बंद किए जाने के खिलाफ आज रेलपार क्षेत्र के मुसुद्दी मोहल्ले के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस विषय पर रेलपार के लोगों का कहना है कि मोसद्दी मोहल्ले में एक पुल बनाया गया था और यहां एक सड़क थी जो ढलाई तक हो चुकी थी और बाकी निर्माण कार्य चल रहा था, लेकिन आज आरपीएफ की ओर से उस काम को बंद कर दिया गया। उनका कहना है कि यह सड़क बहुत महत्वपूर्ण है और इस सड़क से रेलपार क्षेत्र के चांदमारी, कसाई मोहल्ला, सेंट्रॉम मॉल और यहां तक कि यहां के अस्पताल तक लोग इस सड़क से जाते हैं। अचानक आज सड़क निर्माण का काम आरपीएफ द्वारा बंद किए जाने के खिलाफ लोगों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।














इस क्षेत्र के लोगों ने स्वीकार किया कि यह रेलवे की जमीन है, लेकिन इस सड़क से रेलवे को कोई परेशानी नहीं हो रही है और यह सड़क बहुत दिनों से लोग उपयोग कर रहे हैं। अचानक आज सड़क निर्माण का काम बंद कर दिया गया। उनका स्पष्ट कहना है कि वे इस सड़क को बंद नहीं होने देंगे और इसके लिए वे आने वाले दिनों में शांतिपूर्ण तरीके से जीटी रोड को अवरुद्ध करेंगे और आवश्यकता पड़ने पर डीआरएम ऑफिस का घेराव करेंगे। यहां जब हमने रेलवे अधिकारियों से बात करने की कोशिश की, तो उन्होंने बताया कि वे मीडिया से बात करने के लिए अधिकृत नहीं हैं।


