टैंक से 7 माह के मासूम का शव बरामद, मामी और नानी गिरफ्तार
बंगाल मिरर, बराकर : पश्चिम बर्धमान जिले के बराकर इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां घर के पानी के टैंक से 7 महीने के मासूम का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।मामले में पुलिस ने बच्चे की हत्या के आरोप में उसकी मामी सानिया परवीन और नानी गुलशन आरा को गिरफ्तार किया है। दोनों को आसनसोल जिला अदालत में पेश किया गया, जहां से उनकी जमानत याचिका खारिज कर 5 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया।घटना कुलटी थाना क्षेत्र के बालतोड़िया इलाके की है।














जानकारी के अनुसार, मासूम अपनी मां के साथ ननिहाल में रह रहा था। गुरुवार सुबह घर के पानी के टैंक में उसका शव मिला। परिजनों ने मामी, नानी और नाना पर बच्चे को डुबाकर हत्या करने का आरोप लगाया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेजा और पूछताछ के बाद मामी व नानी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि नाना को छोड़ दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, परिवार में बच्चों को लेकर आपसी विवाद चल रहा था, जिससे घटना की आशंका जताई जा रही है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


