बच्चा चोर के संदेह में 7 लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ा, पुलिस की अपील अफवाहों पर न दे ध्यान
बंगाल मिरर, पांडवेश्वर : पांडवेश्वर थाना क्षेत्र के श्यामला इलाके के छत्रिशगंडा गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव में संदिग्ध तरीके से घूम रहे 7 लोगों को ग्रामीणों ने पकड़ लिया। इनमें 4 महिलाएं और 3 पुरुष शामिल हैं।ग्रामीणों के अनुसार, ये सभी लोग टोटो से गांव में पहुंचे थे और इधर-उधर घूम रहे थे। उनकी गतिविधियां और व्यवहार संदिग्ध लगने पर ग्रामीणों ने उन्हें रोककर पूछताछ की। इस दौरान इलाके में बच्चा चोरी की अफवाह भी फैल गई, जिससे गांव में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलने पर पांडवेश्वर थाने की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए चार महिलाओं और तीन पुरुषों को पूछताछ के लिए थाने ले जाया गया।














श्यामला ग्राम पंचायत के पूर्व उपप्रधान देवज्योति गढ़ी ने बताया कि ग्रामीणों को संदेह होने पर ही प्रशासन को सूचना देकर सभी को पुलिस के हवाले किया गया। वहीं पकड़े गए लोगों का कहना है कि वे हर साल गांव में पैसे की वसूली के लिए आते हैं, लेकिन ग्रामीणों ने उन्हें बच्चा चोर समझकर पकड़ लिया।पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें।

