POLL 2026 DM ने की सर्वदलीय बैठक
बंगाल मिरर, आसनसोल : आसनसोल:भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कल दिल्ली में पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा की। पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को चुनाव होंगे और चार मई को मतगणना होगी। इस बारे में आज पश्चिम बर्दवान जिले के जिलाशासक एस. पोन्नाबलम की अध्यक्षता में एक सर्वदलीय बैठक हुई, जिसमें सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। यहां आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर रेट के आयुक्त सुनील कुमार चौधरी एसडीओ विश्वजीत भट्टाचार्य सहित प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।














तृणमूल कांग्रेस के प्रतिनिधि आकाश मुखर्जी ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ने पश्चिम बंगाल में चुनाव की तारीखों की घोषणा कर दी है, लेकिन अभी तक मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन नहीं हुआ है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक सभी वैध मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल नहीं हो जाते, तब तक तृणमूल कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के निर्देश पर टीएमसी के सभी नेता और कार्यकर्ता इस अन्याय के खिलाफ विरोध जारी रखेंगे।
कांग्रेस के प्रतिनिधि और जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती ने भी कहा कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किए बिना चुनाव की तारीखों की घोषणा करना अत्यंत अन्यायपूर्ण है। इससे उन वैध मतदाताओं के साथ अन्याय होगा जो कई पीढ़ियों से पश्चिम बंगाल में रह रहे हैं और अपने मताधिकार का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने मांग की कि चुनाव से पहले जिनके नाम अंडर एडजुडिकेशन हैं, उन सभी वैध मतदाताओं के नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएं।
भाजपा के प्रतिनिधि प्रशांत चक्रवर्ती ने कहा कि उन्होंने जिलाधिकारी के साथ बैठक में भाग लिया और पार्टी की ओर से कई मुद्दे उठाए। वहीं बैठक के बारे में जिलाशासक ने बताया कि 30 अप्रैल को नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा, 6 मई तक नामांकन पत्र जमा किए जा सकते हैं, 9 मई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकते हैं, 23 अप्रैल को मतदान होगा और 4 मई को परिणाम आएगा।
जिला शासक ने बताया कि इस बार जिले में 2504 बूथ हैं, जहां मतदाता संख्या 1200 से अधिक है, वहां ऑक्सलरी बूथ बनाए जाएंगे। चुनाव आयोग की मंजूरी मिलने पर जिले में बूथों की संख्या 2588 हो जाएगी। उन्होंने बताया कि 15 मार्च तक जिले में मतदाता संख्या 18 लाख से अधिक थी। हालांकि जब उनसे अंडर ऐडजुडिकेशन के बारे में पूछा गया तो इस पर उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से अदालत का मामला है और इस पर वह कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते

