ECL का नोटिस फाड़ एजेंट को जितेंद्र तिवारी की फटकार, नरेंद्र का पलटवार
बंगाल मिरर, पांडवेश्वर : पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र के खोट्टाडीही इलाके में ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ECL) द्वारा लगाए गए क्वार्टर खाली करने के नोटिस को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भाजपा प्रत्याशी जितेंद्र तिवारी चुनाव प्रचार के दौरान मौके पर पहुंचे और नोटिस देखकर नाराजगी जताई। उन्होंने कोलियरी एजेंट को फोन कर कड़ी आपत्ति जताई और आरोप लगाया कि यह कार्रवाई टीएमसी नेता नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के इशारे पर हो रही है।














जितेंद्र तिवारी ने मौके पर नोटिस फाड़ते हुए लोगों से कहा कि वे घर खाली न करें और किसी भी दबाव में न आएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जरूरत पड़ने पर वे तुरंत मौके पर पहुंचेंगे। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार बनने पर लोगों को क्वार्टर का लीज दिया जाएगा।
वहीं, टीएमसी प्रत्याशी और विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे भाजपा का “नाटक” बताया। उन्होंने कहा कि ईसीएल एक केंद्रीय कंपनी है और टीएमसी पहले ही ऐसे नोटिसों का विरोध कर चुकी है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बंगाल में किसी को बेघर नहीं होने दिया जाएगा।
इस मुद्दे को लेकर दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।

