Asansol : दीवार लेखन को लेकर तनाव, बीजेपी–तृणमूल समर्थकों में विवाद
बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:आसनसोल में चुनावी माहौल के बीच दीवार लेखन को लेकर बीजेपी और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद का मामला सामने आया है। यह घटना हिरापुर थाना क्षेत्र के बर्नपुर रोड स्थित डोली लॉज इलाके में शनिवार सुबह हुई, जिससे पूरे क्षेत्र में तनाव फैल गया।सूचना मिलते ही हिरापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की।बीजेपी का आरोप है कि आसनसोल उत्तर विधानसभा सीट से पार्टी के उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखोपाध्याय के समर्थन में दीवार पर लिखे जा रहे प्रचार को तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रोक दिया।














बीजेपी का दावा है कि जिस दीवार पर वे लिख रहे थे, उसे पहले से ही बुक किया गया था, लेकिन तृणमूल जबरन उस पर लिखने की कोशिश कर रही थी।वहीं, सुबह दीवार लेखन की खबर मिलने पर आसनसोल नगर निगम के 52 नंबर वार्ड की तृणमूल पार्षद मौसुमी बसु भी मौके पर पहुंचीं।घटना की जानकारी मिलने पर दोनों दलों के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक वहां जुट गए। इसी दौरान बीजेपी उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखोपाध्याय भी मौके पर पहुंचे, जहां उनकी तृणमूल कार्यकर्ताओं के साथ बहस हो गई। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक देखी गई।
कृष्णेंदु मुखोपाध्याय ने दावा किया कि उन्होंने मकान मालिक की अनुमति लेकर ही दीवार पर लेखन कराया था। उन्होंने कहा कि पहले इस दीवार पर तृणमूल लिखती थी, लेकिन अब यहां बीजेपी का कार्यालय बनाया जा रहा है, इसलिए तृणमूल को वहां न लिखने के लिए कहा गया था। उन्होंने यह भी बताया कि पूरे मामले की जानकारी चुनाव आयोग को दी जा रही है।
दूसरी ओर, तृणमूल पार्षद मौसुमी बसु ने कहा कि इस दीवार पर लंबे समय से उनकी पार्टी का लेखन होता रहा है और इस साल के लिए 2031 तक इसकी बुकिंग की गई है। उन्होंने बताया कि हाल ही में दीवार की सफेदी कराई गई थी, लेकिन उसे गुटखा और पान की पीक से गंदा कर दिया गया। इसके बाद गुरुवार को फिर से चूना किया गया था और शनिवार को पार्टी उम्मीदवार मलय घटक का नाम लिखने की योजना थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि सुबह से बीजेपी कार्यकर्ता वहां अपने उम्मीदवार का नाम लिख रहे थे। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी पार्टी नेतृत्व को दे दी गई है और निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।पुलिस के अनुसार, दीवार लेखन को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति बनी थी, लेकिन दोनों पक्षों को समझाकर हालात को काबू में कर लिया गया है।

