Asansol खून से सना मिला आदिवासी युवक का शव, हत्या की आशंका
बंगाल मिरर, आसनसोल : पश्चिम बंगाल के आसनसोल नॉर्थ थाना क्षेत्र के कन्यापुर पुलिस फांड़ी इलाके में सोमवार तड़के एक आदिवासी युवक का खून से लथपथ शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई।मृतक की पहचान पाचगेछिया कपटिया निवासी विष्णु हेमब्रम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। वहीं बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग भी घटनास्थल पर जुट गए।














पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटनास्थल से एक शराब की बोतल और कुछ प्लास्टिक के गिलास बरामद किए गए हैं। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि युवक वहां अकेला नहीं था।प्राथमिक जांच में पुलिस का मानना है कि शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसी विवाद में युवक की हत्या कर दी गई। हालांकि घटनास्थल से कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है, जिससे मामला और भी रहस्यमय बन गया है।मृतक के परिजनों का कहना है कि विष्णु हेमब्रम पेशे से राजमिस्त्री था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।
सोमवार शाम वह घर से किसी काम से निकला था और जल्द लौटने की बात कही थी, लेकिन वापस नहीं आया। मंगलवार सुबह परिवार को सूचना मिली कि उसका शव राय मैदान में पड़ा हुआ है।घटना की खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिजनों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है।फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है, ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।

