तिराट में बालूघाट हादसे के बाद बवाल, कई गाड़ियों में आगजनी
बंगाल मिरर, रानीगंज: आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के रानीगंज ग्रामीण अंचल के तिराट में चुनावी माहौल के बीच एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां बालूघाट के पास बालू लदे वाहन की टक्कर से एक आदिवासी युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय सूत्रों के अनुसार युवक की हालत चिंताजनक है और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। दुर्गापुर के अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई ।इसकी खबर फैलते ही इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।














सैकड़ों लोग मौके पर जमा होकर विरोध प्रदर्शन करने लगे। गुस्साए लोगों ने कई वाहनों में तोड़फोड़ की और कुछ गाड़ियों में आग लगा दी, जिससे पूरे इलाके में तनाव और डर का माहौल बन गया।सूचना मिलते ही रानीगंज थाना पुलिस और निमचा फाड़ी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की। हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।घटना को लेकर राजनीतिक प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
भाजपा नेत्री और आसनसोल दक्षिण की उम्मीदवार अग्निमित्रा पाल ने मौके पर पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने बालिघाट मालिक के खिलाफ सख्त कार्रवाई, घायल युवक के इलाज और उसके परिवार को मुआवजा देने की मांग की।फिलहाल इलाके में तनाव बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

