Barabani में Burnpur के कारोबारी से 10.50 लाख रुपये बरामद
बंगाल मिरर, बाराबनी, पश्चिम बर्धमान:पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इसी के तहत पश्चिम बर्धमान जिले में अंतरराज्यीय और अंतरजिला सीमाओं पर कुल 23 नाका प्वाइंट बनाए गए हैं, जहां लगातार वाहनों की जांच की जा रही है।रविवार दोपहर करीब एक बजे बाराबनी थाना क्षेत्र के रुनाकुड़ा घाट नाका प्वाइंट पर पुलिस और अन्य अधिकारियों द्वारा चेकिंग के दौरान एक बड़ी रकम बरामद की गई। जांच के दौरान हीरापुर थाना अंतर्गत बर्नपुर रोड स्थित स्नेहा अपार्टमेंट के निवासी संजय तिवारी के पास से 10 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।














बताया जाता है कि संजय तिवारी एक किराए की गाड़ी से झारखंड के महागामा से आ रहे थे। जांच के दौरान जब उनसे इस पैसे के स्रोत के बारे में पूछा गया तो वे कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इसके बाद एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वॉड टीम) की मौजूदगी में उनसे पूछताछ की गई।घटना की जानकारी आयकर विभाग को दे दी गई है। सोमवार को आयकर विभाग के अधिकारी पहुंचकर उक्त व्यक्ति से दोबारा पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान उन्होंने दावा किया कि यह राशि वे व्यवसाय के उद्देश्य से ला रहे थे, लेकिन इसके समर्थन में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।पुलिस प्रशासन के अनुसार फिलहाल इस राशि को ट्रेजरी में जमा कर दिया गया है। यदि संबंधित व्यक्ति भविष्य में इस पैसे के वैध स्रोत का प्रमाण प्रस्तुत करते हैं, तो नियमानुसार उन्हें राशि वापस की जा सकती है।

