Poll 2026 : पश्चिम बर्धमान में तीन केंद्रों पर आज से नामांकन
बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय:राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर आज सोमवार को चुनाव आयोग द्वारा अधिसूचना (नोटिफिकेशन) जारी की जाएगी। इसके साथ ही आज से ही नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी।इस बार राज्य में दो चरणों में मतदान होगा, जिसमें पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को संपन्न होगा। पहले चरण में पश्चिम बर्धमान जिले की सभी 9 विधानसभा सीटों पर मतदान कराया जाएगा।














जिला प्रशासन के अनुसार, पश्चिम बर्धमान में नामांकन पत्र जमा करने के लिए तीन कार्यालय निर्धारित किए गए हैं—आसनसोल के कल्याणपुर स्थित जिला शासक (डीएम) कार्यालय, आसनसोल कोर्ट परिसर स्थित महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय (सदर) और दुर्गापुर स्थित एसडीओ कार्यालय।डीएम कार्यालय में आसनसोल दक्षिण, कुल्टी, बाराबनी और जामुड़िया विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवार नामांकन दाखिल करेंगे।
वहीं, आसनसोल एसडीओ कार्यालय में केवल आसनसोल उत्तर विधानसभा का नामांकन लिया जाएगा। दुर्गापुर एसडीओ कार्यालय में रानीगंज, पांडवेश्वर, दुर्गापुर पूर्व और दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्रों के नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे।इस संबंध में पहले ही आयोजित सर्वदलीय बैठक में जिला शासक एवं जिला निर्वाचन अधिकारी एस. पोन्नाबलम ने उम्मीदवारों को नामांकन प्रक्रिया के नियमों और दिशा-निर्देशों की जानकारी दे दी है। साथ ही यह भी बताया गया है कि उम्मीदवार के साथ कितने लोग नामांकन दाखिल करने के समय उपस्थित रह सकते हैं।नामांकन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए तीनों कार्यालय परिसरों में कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

