Asansol : मिनीबस से भारी मात्रा में अवैध लॉटरी बरामद
बंगाल मिरर, आसनसोल: आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। सलानपुर थाना क्षेत्र के कल्याणेश्वरी नाका प्वाइंट पर तलाशी के दौरान एक मिनीबस से झारखंड राज्य की भारी मात्रा में अवैध लॉटरी बरामद की गई। हालांकि इस कार्रवाई के बीच पुलिस की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।जानकारी के अनुसार, शनिवार को झारखंड के मैथन कालीपहाड़ी से ‘कृपामय’ नामक मिनीबस आसनसोल की ओर आ रही थी। नाका प्वाइंट पर पुलिस ने बस को रोककर तलाशी ली, जिसमें पांच बड़े बंडलों में भरी अवैध लॉटरी बरामद हुई।














सूत्रों के मुताबिक, इन लॉटरी टिकटों को आसनसोल समेत आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में खपाने की योजना थी।जांच में एक संगठित सिंडिकेट का नाम भी सामने आ रहा है। बताया जा रहा है कि गुद्दू खान और दीपक तिवारी नामक दो लोग झारखंड से इस अवैध लॉटरी को भेजते थे, जबकि आसनसोल में पल्टू सिंह नामक व्यक्ति इन्हें लेकर आसनसोल, Jamuria, Raniganj और Durgapur के विभिन्न डीलरों तक पहुंचाने का काम करता था।घटना में पुलिस ने बस चालक और खलासी से पूछताछ कर उन्हें छोड़ दिया।
वहीं, इस मामले में एक और विवाद सामने आया है। मौके पर मौजूद पत्रकारों को जब्त लॉटरी की तस्वीर लेने से रोका गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी ने कहा, “पहले अनुमति लेकर आइए, फोटो लेने से क्या होगा?” इस बयान के बाद पारदर्शिता को लेकर सवाल उठने लगे हैं।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और इस अवैध नेटवर्क की जड़ें कितनी गहरी हैं, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है।

