चुरुलिया में SFI–DYFI की रैली और सभा का आयोजन
बंगाल मिरर, जामुड़िया :आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी के बीच जामुरिया विधानसभा क्षेत्र के चुरुलिया में आज SFI–DYFI के नेतृत्व में एक विशाल छात्र-युवा रैली और सभा का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में CPIM उम्मीदवार कॉमरेड मास्टर शब्बीर हुसैन के समर्थन में बड़ी संख्या में छात्र-युवाओं ने भाग लिया।














सभा के दौरान क्षेत्र में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला, जहां युवाओं ने परिवर्तन की मांग को लेकर जोरदार नारेबाजी की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) के जिला सचिव सुदीप कुरी ने राज्य की वर्तमान स्थिति पर गंभीर सवाल उठाए।
उन्होंने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में 8000 से अधिक स्कूल बंद किए जा चुके हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था प्रभावित हुई है और युवाओं का भविष्य संकट में पड़ गया है। साथ ही उन्होंने कहा कि राज्य में रोजगार के अवसर लगातार कम होते जा रहे हैं, जिससे युवा वर्ग में असंतोष बढ़ रहा है।
सुदीप कुरी ने वामपंथी शासनकाल का जिक्र करते हुए कहा कि उस समय उद्योगों की स्थापना कर जामुरिया को एक औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया गया था, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार मिलता था। लेकिन वर्तमान में फैक्ट्रियों में स्थानीय युवाओं की अनदेखी की जा रही है और पहचान पत्र के आधार पर भेदभाव के साथ 12 घंटे तक काम कराया जा रहा है।
उन्होंने आश्वासन दिया कि यदि वामफ्रंट की सरकार बनती है तो श्रमिकों के लिए 8 घंटे काम का नियम सख्ती से लागू किया जाएगा, स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दी जाएगी और न्यूनतम दैनिक मजदूरी 700 रुपये सुनिश्चित की जाएगी।
सभा में उपस्थित भारी भीड़ ने वामफ्रंट के समर्थन में एकजुटता दिखाई और आगामी चुनाव में बदलाव लाने का आह्वान किया गया।

