ASANSOL

Gem Portal पर 4 लाख करोड़ का कारोबार : सरकार

बंगाल मिरर, आसनसोल : आसनसोल के गुजरात भवन में आसनसोल मर्चेंट चेंबर आफ कामर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा जेम पोर्टल ( Gem Portal ) को लेकर सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें विशेषज्ञों द्वारा व्यापारियों और अन्य उद्योगपतियों को जेम पोर्टल के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इस मौके पर सेल आइएसपी के ईडी राजीव कुमार, एसबीएफसीआइ महासचिव जगदीश बागड़ी, मर्चेंट चैंबर के सलाहकार सियाराम अग्रवाल, संदीप सामंत, महावीर शर्मा, सचिव हीरेन व्यास, सात्विक लाल, रविपाल असी, अनिल जालान, निशांत सेठ, दिलीप मस्करा समेत बड़ी संख्या में व्यापारी उपस्थित थे।

राज्य के वित्त विभाग के प्रशिक्षक विश्वजीत सरकार ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार सभी सरकारी विभागों में खरीदारी जेम पोर्टल के माध्यम से हो रही है। वर्तमान में जेम पर कारोबार चार लाख करोड़ पहुंच गया है। इसमें रजिस्ट्रेशन निश्शुल्क है। कोई भी व्यापारी अपने आवश्यक दस्तावेज देकर रजिस्ट्रेशन करा सकता है। इससे उन्हें पूरे भारत का बाजार अपना उत्पाद बेचने के लिए उपलब्ध होगा। धीरे- धीरे राज्य सरकार के विभागों में इसके माध्यम से ही खरीदारी को लागू किया जा रहा है। इसलिए जो भी आपूर्तिकर्ता या व्यापारी हैं, वह जेम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराएं, ताकि वह पूरे देश में अपने व्यापार का विस्तार कर सकें। सेल, ईसीएल, चिरेका के अधिकारियों ने भी स्थानीय स्तर पर जिन वस्तुओं की आवश्यकता होती है, वह लोग जेम से कैसे उत्पाद लेते हैं, इसके बारे में विस्तार से बताया। चैंबर अध्यक्ष निखिलेश उपाध्याय ने बताया कि किसी भी सरकारी संस्था में किसी भी वस्तु की खरीदारी जेम पोर्टल के जरिए ही होगा। केंद्र हो या राज्य किसी भी सरकार के काम का टेंडर इस पोर्टल के जरिए ही किया जाता है। इस शिल्पांचल में ऐसे कई व्यापारी हैं जो इन सरकारी कामों का ठेका लेते हैं लेकिन उनको इस जेम पोर्टल के बारे में जानकारी नहीं है। व्यवसायियों की इसी दिक्कत को दूर करने के लिए इस सेमिनार का आयोजन किया गया। यस बैंक ने सभी व्यापारियों को सम्मानित किया।

Leave a Reply