Coal India के लाखों कर्मियों के लिए खुशखबरी, एकमुश्त मिलेगा 23 महीने का एरियर
बंगाल मिरर, आसनसोल : ( Coal India Wage Revision Arrears ) देश के कोयला उद्योग में कार्यरत करीब पौने तीन लाख कामगारों को राष्ट्रीय कोयला वेतन समझौता 11 के तहत बढ़ा हुआ वेतन जुलाई महीने से मिलने लगा था। तब प्रबंधन ने जल्द ही 23 महीने के एरियर के भुगतान का आश्वासन दिया था। अब इस संबंध में कोल इंडिया द्वारा सभी अनुषंगी कंपनियों को आदेश भेजा जा चुका है। विगत 19-20 मई को जेबीसीसीआई बैठक में 11 वें वेतन समझौता के एमओयू पर यूनियन और प्रबंधन ने हस्ताक्षर किये थे। 19 प्रतिशत एमजीबी पर पहले ही सहमति बन चुकी थी। कोल इंडिया की 30 मई को हुई बोर्ड बैठक में वेतन समझौते को मंजूरी भी मिल गई थी। इसके बाद कोयला मंत्रालय में इसे मंजूरी के लिए भेजा गया था। 19 जून को कोयला राज्य मंत्री द्वारा हस्ताक्षर के बाद इसे अंतिम मंजूरी मिल गई। जून महीने से इसे लागू कर जुलाई से नये वेतनमान से वेतन दिया गया था। अब अगस्त के वेतन के साथ ही 23 महीने का एरियर भी मिलेगा। यानि की सितंबर महीने में जो वेतन मिलेगा उसके साथ 23 महीने के एरियर राशि भी एकमुश्त मिलेगी।















उल्लेखनीय है कि नये वेतन समझौता लागू होने के बाद कोल कर्मियों का न्यूनतम वेतन 43677 रुपये हुआ।। वहीं यह समझौता जुलाई 2021 से जून 2026 तक प्रभावी है यानि की कोयला कामगारों को 23 महीने का एरियर मिलना है। वहीं नये वेतन समझौता के बाद कोयला कामगारों को अंबेडकर जयंती पर पेड होलीडे, पितृत्व अवकाश के लिए दो बच्चों तक पांच-पांच दिन, शैक्षणिक अवकाश पांच चिन्हित विश्वविद्यालयों के लिए, अंडरग्राउंड भत्ता 11.25, स्पेश अलाउंस 5 ,एचआरए 2.5 प्रतिशत, भारत भ्रमण के लिए 12 हजार एवं घर आने-जाने का 10 हजार रुपये मिलेगा। वहीं सीक लीव 120 से बढ़ाकर 150 दिन तक जमा कर सकते हैं।लाइफ कवर एक लाख 56 हजार तथा नर्सिंग भत्ता 500 रुपये मिलेगा।
एटक नेता रमेश सिंह ने कहा कि यूनियनों के प्रयास से कोयला कामगारों को सम्मानजनक समझौता का लाभ मिल रहा है। वहीं प्रबंधन को धन्यवाद देते हैं कि एकमुश्त एरियर का भुगतान कर रही है। आशा है कि जल्द ही सेवानिवृत कर्मियों को भी एरियर का भुगतान कर दिया जायेगा।


