Railpar में 30 लाख के विकास कार्यों का मेयर ने किया शिलान्यास
बंगाल मिरर, आसनसोल: : आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर 26 अंतर्गत एके आजाद फ्री प्राइमरी स्कूल में आज मेयर विधान उपाध्याय ने कंप्यूटर रूम के निर्माण कार्य का शिलान्यास किया। इस अवसर पर डिप्टी मेयर वसीम उल हक, बोरो चेयरमैन उत्पल सिन्हा, अबू करनैन स्कूल के प्रिंसिपल, शिक्षक और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कंप्यूटर रूम के निर्माण पर कुल 11,90,957 रुपये की लागत आएगी।




मेयर विधान उपाध्याय ने इस मौके पर कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने हमेशा विकास को प्राथमिकता दी है। उनके आदर्शों पर चलते हुए आसनसोल नगर निगम भी शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा, “आज इस स्कूल में कंप्यूटर रूम का शिलान्यास शिक्षा के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है। हम ममता बनर्जी के मार्गदर्शन में विकास के कार्यों को और गति देंगे।”
डिप्टी मेयर वसीम उल हक ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा, “मेयर विधान उपाध्याय के नेतृत्व में आसनसोल नगर निगम हर वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता दे रहा है। इस स्कूल में कंप्यूटर शिक्षा की शुरुआत एक सराहनीय कदम है, और आज इस कार्य का शिलान्यास होना गर्व की बात है।”इसके साथ ही, मेयर ने मख्खु मोहल्ला में पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य का भी उद्घाटन किया, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 20 लाख रुपये है। ये दोनों परियोजनाएं आसनसोल नगर निगम की विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती हैं।आसनसोल नगर निगम के इन प्रयासों से न केवल शिक्षा के क्षेत्र में सुधार होगा, बल्कि स्थानीय बुनियादी ढांचे में भी विकास को बढ़ावा मिलेगा।