भाजपा की परिवर्तन सभा, टीएमसी सरकार पर नेताओं का तीखा हमला
बंगाल मिरर, आसनसोल ::कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत चिनाकुड़ी में रविवार को भारतीय जनता पार्टी द्वारा परिवर्तन सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। इस सभा में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी ने क्षेत्र का राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया।कार्यक्रम में भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, कुल्टी विधायक डॉ. अजय पोद्दार, जिला भाजपा अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, विधायक अग्निमित्रा पाल, कृष्णेंदु मुखर्जी, जितेंद्र तिवारी, कृष्णा प्रसाद सहित कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभा में नेताओं का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया।














केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अपने संबोधन में राज्य की तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि टीएमसी शासन में पश्चिम बंगाल की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर उन्होंने गंभीर चिंता जताई और लोगों से “बंगाल को बचाने की लड़ाई” में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने परिवर्तन यात्रा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि यह अभियान राज्य को मौजूदा समस्याओं से मुक्ति दिलाने का माध्यम बनेगा।सभा में उमड़ी भीड़ का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि यह जनसैलाब इस बात का संकेत है कि राज्य की जनता अब बदलाव चाहती है और आगामी चुनाव में भाजपा की सरकार बनाने का मन बना चुकी है।
उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 15 वर्षों में राज्य में भ्रष्टाचार और कुशासन बढ़ा है तथा केंद्र सरकार की योजनाओं के फंड का दुरुपयोग किया जा रहा है। कई योजनाओं के नाम बदलकर पेश किए जा रहे हैं और कुछ योजनाओं को लागू ही नहीं होने दिया जा रहा, जिससे आम लोग वंचित रह रहे हैं।अन्नपूर्णा देवी ने युवाओं के रोजगार को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में युवाओं को नौकरी के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है और “पैसे के आधार पर नौकरी दिए जाने” जैसे आरोप सामने आ रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर भी राज्य सरकार की भूमिका पर सवाल उठाए।
इसके बाद दिलीप घोष ने अपने चिर-परिचित अंदाज में टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र में कोई ठोस विकास कार्य नहीं हुआ है और नेता भ्रष्टाचार में लिप्त रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सात साल पहले केंद्र सरकार ने पेयजल परियोजना के लिए 7000 करोड़ रुपये भेजे थे, लेकिन आज तक न तो लोगों को पानी मिला और न ही उस राशि का हिसाब मिला। उन्होंने लोगों से आगामी विधानसभा चुनाव में टीएमसी को सत्ता से हटाने की अपील की।वहीं अग्निमित्रा पाल ने कहा कि भाजपा सभी समुदायों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है और किसी के साथ भेदभाव नहीं करती।
उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने लोगों के मन में डर का माहौल बना दिया है, जिसे खत्म करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए भाजपा ही एकमात्र विकल्प है।सभा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने परिवर्तन के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। कार्यक्रम में कुल्टी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों से आए लोगों की बड़ी भागीदारी देखी गई, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो चुकी है।


