कोयला चोरी को लेकर तृणमूल कार्यालय और अधिकारियों की गाड़ियों में तोड़फोड़
बंगाल मिरर, जामुड़िया : जामुड़िया थाना क्षेत्र के चुरुलिया पुलिस फांड़ी इलाके में गुरुवार को उस समय तनाव फैल गया जब खुले मुंह की खदान से कोयला चोरी की अनुमति देने की मांग को लेकर कुछ लोगों ने तृणमूल के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ कर दी। साथ ही कोयला खदान से जुड़े अधिकारियों की गाड़ियों में भी जमकर तोड़फोड़ और हमला किए जाने का आरोप है।स्थानीय सूत्रों के अनुसार, लंबे समय से इलाके में कुछ असामाजिक तत्व खुले मुंह की खदान से निकाले गए कोयले को अवैध रूप से निकालकर विभिन्न जगहों पर तस्करी करते थे।














हाल ही में पुलिस प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी कर ऐसे अवैध कोयला चोरी पर रोक लगा दी थी। इसके बाद इस अवैध कारोबार से जुड़े लोगों में नाराजगी बढ़ गई।बताया जाता है कि इसी मुद्दे को लेकर दो पाड़ा के कुछ लोग तृणमूल के स्थानीय कार्यालय में बैठक करने पहुंचे और कोयला चोरी की अनुमति देने की मांग की। जब बैठक से कोई समाधान नहीं निकला तो कोयला कारोबार से जुड़े कुछ लोग उत्तेजित हो गए और इलाके में हंगामा शुरू हो गया।आरोप है कि इस दौरान कोयला खदान से जुड़े अधिकारियों की गाड़ियों में तोड़फोड़ की गई और उन पर हमला भी किया गया।
घटना के बाद इलाके में भारी तनाव का माहौल बन गया।स्थिति को नियंत्रित करने के लिए जामुड़िया थाना की बड़ी पुलिस फोर्स के साथ चुरुलिया फांड़ी की पुलिस इलाके में लगातार निगरानी कर रही है। साथ ही विशेष कॉम्बैट फोर्स और रैपिड एक्शन फोर्स को भी तैनात किया गया है।प्रशासनिक सूत्रों के मुताबिक किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। घटना के दौरान तृणमूल के स्थानीय पार्टी कार्यालय में भी तोड़फोड़ कर ताला लगा दिया गया। हालांकि इस पूरे मामले पर स्थानीय तृणमूल नेतृत्व ने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

