पांडवेश्वर में भाजपा की विशाल रैली, जितेंद्र तिवारी ने की शांतिपूर्ण चुनाव की अपील
बंगाल मिरर, पांडवेश्वर : पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार एवं पूर्व विधायक जितेंद्र तिवारी ने सोमवार को क्षेत्र में एक विशाल चुनावी रैली का नेतृत्व किया। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।रैली के दौरान जितेंद्र तिवारी ने पांडवेश्वर के विभिन्न इलाकों का दौरा किया और लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि रैली में उमड़ी भीड़ यह संकेत दे रही है कि क्षेत्र की जनता ने अपना मन बना लिया है।














मीडिया से बातचीत में तिवारी ने कहा कि वह चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की हिंसा नहीं चाहते। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक कार्यकर्ता का खून बहना, पांडवेश्वर के ही एक युवक का खून बहना है।इस दौरान उन्होंने तृणमूल कांग्रेस नेता नरेंद्र नाथ चक्रवर्ती पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर किसी को खून बहाना ही है, तो उनका खून बहाया जाए, लेकिन किसी निर्दोष व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचाया जाना चाहिए।उन्होंने अंत में सभी दलों से शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से चुनाव कराने की अपील की।

