Asansol उत्तर के उम्मीदवारों से उद्योग, रोजगार और विकास पर ध्यान देने की अपील : शंभूनाथ
बंगाल मिरर, आसनसोल: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही सभी राजनीतिक दलों के उम्मीदवार प्रचार में जुट गए हैं। हर कोई अपनी जीत का दावा कर रहा है और बड़े नेताओं से लेकर सेलिब्रिटी तक चुनावी मैदान में सक्रिय हैं। हालांकि, इन सबके बीच शहर के समग्र विकास और भविष्य की ठोस योजनाओं पर चर्चा कम दिखाई दे रही है। इसी मुद्दे को उठाते हुए आसनसोल चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव शम्भु नाथ झा ने आसनसोल उत्तर के सभी उम्मीदवारों से शहर के विकास के लिए ठोस कदम उठाने की अपील की है।














उन्होंने कहा कि आसनसोल उत्तर क्षेत्र में लंबे समय से बंद पड़े ग्लास कारखाना, ब्लू फैक्ट्री, साइकिल कारखाना, इंडियन ऑक्सीजन और केरू कंपनी जैसे उद्योगों को पुनर्जीवित करने की दिशा में जल्द पहल होनी चाहिए। उनके अनुसार, सरकार इन इकाइयों को अपने अधीन लेकर नए उद्योगपतियों को सौंप सकती है, जिससे क्षेत्र को फिर से “शिल्प नगरी” के रूप में विकसित किया जा सके।झा ने कहा कि उद्योगों के पुनः शुरू होने से सबसे अधिक लाभ युवाओं को मिलेगा, जिन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलेगा और उन्हें बाहर जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे न केवल आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, बल्कि परिवारिक जीवन भी संतुलित रहेगा।
उन्होंने आसनसोल बाजार की अव्यवस्था पर भी चिंता जताई। विशेष रूप से राहा लेन से गीरजा मोड़ तक के क्षेत्र को व्यवस्थित करने की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि यदि इस दिशा में जल्द कदम नहीं उठाए गए तो बाजार का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है। दुकानदारों के पलायन को रोकने के लिए ठोस योजना जरूरी है।इसके अलावा, उन्होंने शहर के समग्र विकास पर बल देते हुए कहा कि जिस तरह बर्नपुर के कारखानों को आधुनिक बनाया जा रहा है और आसनसोल रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया जा रहा है, उसी तरह पूरे शहर को साफ-सुथरा और जाम मुक्त बनाने की दिशा में कार्य होना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि उद्योगों के विकास से नगर निगम को कर (टैक्स) की प्राप्ति बढ़ेगी, जिससे बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा। साथ ही, उद्योगों के CSR फंड के माध्यम से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।अंत में, शम्भु नाथ झा ने कहा कि आसनसोल आज भी भाईचारे का शहर है और इसके अस्तित्व की रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी उम्मीदवारों से आग्रह किया कि वे चुनावी राजनीति से ऊपर उठकर शहर के विकास को प्राथमिकता दें।

