आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज के स्ट्रॉन्ग रूम में त्रिस्तरीय सुरक्षा, डीएम और सीपी ने किया निरीक्षण
6 विधानसभा क्षेत्रों की ईवीएम की होगी गिनती
बंगाल मिरर, आसनसोल, राजा बंदोपाध्याय: पश्चिम बर्धमान जिले के छह विधानसभा क्षेत्रों—आसनसोल उत्तर, आसनसोल दक्षिण, कुल्टी, रानीगंज, जामुड़िया और बाराबनी—की ईवीएम की मतगणना के लिए आसनसोल इंजीनियरिंग कॉलेज को स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है। आगामी सोमवार 4 अप्रैल को यहीं इन सभी सीटों की मतगणना होगी।जिले के जिलाधिकारी (डीएम) एस पोन्नाबलम और आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रबोध कुमार सिंह ने स्ट्रॉन्ग रूम का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और यह सुनिश्चित किया कि इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) सुरक्षित तरीके से रखी गई हैं या नहीं। अधिकारियों ने पुलिस कर्मियों से बातचीत कर चुनाव आयोग के निर्देशों के पालन की भी समीक्षा की।निरीक्षण के बाद डीएम और सीपी ने बताया कि स्ट्रॉन्ग रूम में त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। सुरक्षा में केंद्रीय बलों के साथ राज्य पुलिस की भी तैनाती है और पूरे परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जा रही है। बिजली बाधित होने की स्थिति में भी 24 घंटे निगरानी जारी रहे, इसके लिए इन्वर्टर की व्यवस्था की गई है।














उन्होंने कहा कि रविवार तक सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी।डीएम ने स्पष्ट किया कि वैध पहचान पत्र के बिना किसी को भी मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। साथ ही केंद्र के 100 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार की भीड़ या गतिविधि पर रोक रहेगी और इस क्षेत्र में धारा 163 लागू की गई है। सर्वदलीय बैठक में सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को इन व्यवस्थाओं की जानकारी दे दी गई है।इस बीच तृणमूल कांग्रेस के आसनसोल उत्तर ब्लॉक-1 के अध्यक्ष गुरदास उर्फ रॉकेट चटर्जी भी स्ट्रॉन्ग रूम पहुंचे। उन्होंने कहा कि अब तक की सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक है, लेकिन पार्टी की ओर से कड़ी निगरानी रखी जा रही है और किसी भी अनियमितता पर विरोध दर्ज कराया जाएगा।वहीं, जिले के अन्य तीन विधानसभा क्षेत्रों—पांडवेश्वर, दुर्गापुर पूर्व और दुर्गापुर पश्चिम—की ईवीएम के लिए दुर्गापुर के सरकारी कॉलेज में स्ट्रॉन्ग रूम बनाया गया है। वहां भी आसनसोल की तरह कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।

