तोलाबाजी, धमकी समेत कई आरोपों में INTTUC नेता राजू आहलूवालिया गिरफ्तार
बंगाल मिरर, एस सिंह, आसनसोल : आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस ने तृणमूल कांग्रेस के श्रमिक संगठन आईएनटीटीयूसी के आसनसोल उत्तर ब्लॉक अध्यक्ष राजू आहलूवालिया को तोलाबाजी, धमकी देने और अवैध वसूली समेत कई आरोपों में गिरफ्तार किया है। रविवार रात हुई इस गिरफ्तारी से आसनसोल के राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है।जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब साढ़े सात बजे आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस की एक टीम ने जीटी रोड स्थित बीएनआर मोड़ के पास से राजू आहलूवालिया को हिरासत में लिया। इसके बाद उन्हें दक्षिण थाना ले जाया गया, जहां देर रात औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।














गौरतलब है कि राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद नई सरकार ने पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिया है कि किसी भी प्रकार की रंगदारी, अवैध वसूली, धमकी और भय दिखाने जैसी गतिविधियों को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इसी निर्देश के बाद राज्यभर में लगातार अभियान और गिरफ्तारियां जारी हैं। पश्चिम बर्दवान जिले में भी पिछले कुछ दिनों से पुलिस की कार्रवाई तेज हुई है और कई तृणमूल नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया है। ऐसे में राजू आहलूवालिया की गिरफ्तारी को इस अभियान की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक, राजू आहलूवालिया के खिलाफ लंबे समय से तोलाबाजी और अवैध वसूली की शिकायतें मिल रही थीं। उनके खिलाफ थाने में कई शिकायतें दर्ज कराई गई थीं। पुलिस ने इन शिकायतों की जांच के बाद कार्रवाई करते हुए रविवार शाम उन्हें हिरासत में लिया।आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (सेंट्रल) ध्रुव दास ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस कथित वसूली गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर अन्य लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश देना चाहती है। इसी कारण विभिन्न इलाकों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।इधर, इस गिरफ्तारी के बाद आसनसोल के राजनीतिक माहौल में काफी चर्चा शुरू हो गई है। पुलिस फिलहाल राजू आहलूवालिया से पूछताछ कर रही है। सोमवार को उन्हें आसनसोल अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग किए जाने की संभावना है।

