जाम रोकने के लिए ट्रैफिक पुलिस की माइकिंग, अवैध पार्किंग पर कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
बंगाल मिरर, कुल्टी, राजा बंदोपाध्याय: आसनसोल के बाद अब कुल्टी थाना क्षेत्र के नियामतपुर बाजार में बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या को लेकर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। नियामतपुर सब-ट्रैफिक गार्ड ने इलाके में अवैध और अनियमित पार्किंग के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू किया है।मंगलवार शाम ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों ने बाजार क्षेत्र में माइकिंग कर लोगों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर वाहन खड़ा न करने की अपील की। पुलिस का कहना है कि बाजार में कई लोग सड़क किनारे या बीच सड़क पर वाहन खड़ा कर खरीदारी करने चले जाते हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।













ट्रैफिक गार्ड के एक अधिकारी ने बताया कि फिलहाल लोगों को जागरूक किया जा रहा है, लेकिन भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सड़क पर अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ चालान (प्रोसिक्यूशन) किया जाएगा और आवश्यक कानूनी कदम उठाए जाएंगे।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, केवल नियामतपुर बाजार ही नहीं बल्कि ट्रैफिक गार्ड के अधीन आने वाले सभी क्षेत्रों को जाम-मुक्त बनाने का लक्ष्य रखा गया है। विशेष रूप से शाम के समय लोगों को सुगम और सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।


